शहर कांग्रेस ने गांधी जी शास्त्री को किया याद

Shekhar Sharma
3 Min Read

कांग्रेस कमेटी के बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी

मेरठ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने किया। गोष्ठी में कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन कर उनके बताये रास्ते पर चलने की सौगंध ली ।

अहिंसा, सादगी, सेवा, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा

वक्ताओं ने कहा कि दोनों महान नेताओं का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, सेवा, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि “महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को जनआंदोलन की शक्ति बनाया, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। आज आवश्यकता है कि हम दोनों महान नेताओं के विचारों को केवल समारोहों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने सार्वजनिक और सामाजिक जीवन में अपनाएं। गांधी जी का सत्य-अहिंसा का संदेश और शास्त्री जी का कर्तव्य एवं सादगी का आदर्श आज भी देश के लिए प्रासंगिक है।” वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश त्यागी ने कहा—“गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन हमें बताता है कि सच्ची राजनीति सत्ता नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और गरीब तथा कमजोर वर्गों के सम्मान के लिए हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। दोनों महापुरुषों के विचार आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।” कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने कहा—“महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री भारतीय लोकतांत्रिक एवं सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों के प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से संघर्ष का रास्ता दिखाया, जबकि शास्त्री जी ने सादगी और कर्तव्यनिष्ठा से सार्वजनिक जीवन की मिसाल कायम की। आज की पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता, भाईचारे और सामाजिक न्याय को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।”

ये रहे मौजूद

पुष्पांजलि एक्सप्रेस करने वालों में आदित्य शर्मा, धूम सिंह गुर्जर, सलीम खान, मनिंदर सूद, हरीश त्यागी, हनीफ कुरैशी, संदीप शर्मा, राज केसरी, राकेश मिश्रा, मतीन अंसारी, मो. इकराम (पार्षद), मो. बदर, शक्ति सिंह, तेजपाल डाबका, सचिन शर्मा, अनिल प्रेमी, विनोद सोनकर, अमित गोयल, पवन थापा, केडी शर्मा, रीना आशीष जाटव, पीयूष रस्तोगी, ताहिर अंसारी, संदीप हांडा, सरताज अहमद, विनोद शर्मा, हरिकिशन प्रजापति, डॉ. इकबाल अहमद, सादिक भारती, इकरामुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल थे ।

Share This Article