ऋषभ एकडेमी में नवरात्र उत्सव

Shekhar Sharma
3 Min Read

मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की स्तुति, स्कूल के नन्हें बच्चों ने प्रस्तुत किए आकर्षक व मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम

मेरठ। छावनी के मंदिर मार्ग स्थित मेरठ के प्रतिष्ठित ऋषभ एकडेमी में नवरात्र पर्व के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक आयोजन किए गए। इस मौके पर ऋषभ एकेडमी में नवरात्रि एवं दशहरा पर्व का भव्य आयोजन किया गया। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने माँ दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों की स्तुति की। संपूर्ण कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता एवं धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ ऋषभ एकेडमी प्रबंधन के अध्यक्ष दिनेश चंद जैन, सचिव डॉ. संजय कुमार जैन, सी.ए., कोषाध्यक्ष योगेंद्र प्रकाश जैन, प्रधानाचार्य शरद त्यागी एवं उप-प्रधानाचार्य पवन कपूर द्वारा माँ दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण करके किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम

इस मौके पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नर्सरी विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों का मनमोहक एवं भावपूर्ण रूप प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम भाव-भंगिमाओं, सुंदर प्रस्तुति और भक्तिभाव ने कार्यक्रम को अत्यंत यादगार बना दिया। इसके अतिरिक्त, नन्हे बच्चों ने रंगारंग डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम के अंत में माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा सभी के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य शरद त्यागी ने अपने संबोधन में दशहरा पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, ईमानदारी एवं सदाचार के मार्ग पर चलने और इन महान मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। ऋषभ एकेडमी प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों और उनके परिवारों को अष्टमी, नवमी एवं दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं सफलता की मंगलकामना की।यह उत्सव भक्ति, उल्लास और आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ तथा सभी को यह प्रेरणादायक संदेश दे गया कि सत्य और अच्छाई की सदैव विजय होती है।

Share This Article