रंगदारी, डकैती, अवैध हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त खटारू गैंग के चार बदमाश दबोचे
मेरठ। यूपी STF ने कुख्यात खटारू गैंग के 4 बदमाशों को मेरठ से गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी जम्मू-कश्मीर में रंगदारी, डकैती, अवैध हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर मामलों में आरोपी थे। कार्रवाई के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस भी साथ मौजूद रही। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सौरभ गुप्ता,गौरव गुप्ता, रोहित बालोतरा निवासी विजयपुर, सांबा जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं। इसके साथ भी माज कुरैशी मेरठ के सोतीगंज का रहने वाला है। आरोपियों के पास से 4 मोबाइल, 1 लैपटॉप बरामद किया गया है। इस सिंडिकेट को मुख्य रूप से सांबा जिले का रहने वाला सुमित तंदियाल उर्फ खटारू चलाता था, जिसकी 21 जनवरी 2025 को जम्मू के ज्वैल चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके भाई सौरभ गुप्ता और अन्य साथी मिलकर इसे ऑपरेट करते थे। इन दोनों भाइयों पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। खटारू गैंग की दुश्मनी लंबे समय से विक्की खौफ गैंग और विकास सलाथिया के ग्रुप से वर्चस्व को लेकर चली आ रही है। पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच कई हिंसक झड़पें और हत्याएं हो चुकी हैं।
पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया था
सुमित तंदियाल की हत्या के बाद सौरभ गुप्ता की मुलाकात बागपत के आशु पंडित से हुई थी, जिसने उसे मेरठ में किराए के मकान में रहने की व्यवस्था कराई थी। इसके अलावा, कुरुक्षेत्र जेल में गौरव गुप्ता की पहचान मेरठ के मोहसिन से हुई थी। इसके बाद माज कुरैशी ने इन अपराधियों को बिना पुलिस वेरिफिकेशन के अपने घर पर शरण दी थी। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।
सांबा पुलिस ने दिया था इनपुट
22 अक्टूबर 2026 को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले की पुलिस से सूचना मिली थी कि गंभीर अपराधों में संलिप्त खटारू गैंग के अपराधी मेरठ में छिपकर रह रहे हैं। इसके आधार पर एसटीएफ मेरठ इकाई के एएसपी बृजेश कुमार सिंह ने कार्रवाई शुरू की। सूचना मिलने पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के डिप्टी एसपी अतहर बख्शी के नेतृत्व में टीम मेरठ पहुंची। 2 नवंबर 2026 को एसटीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेरठ के सोतीगंज मोहल्ले से इन चारों आरोपियों को दबोच लिया।


