
ग्रीस के समंदर किनारे एक हुए दो दिग्गज परिवार: संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन शादी के बंधन में बंधे
चेन्नई/एथेंस। महीनों से चल रही अटकलों और खामोशी को विराम देते हुए सन ग्रुप की उत्तराधिकारी व आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की सीईओ काव्या मारन और मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर आखिरकार शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने 11 नवंबर (11.11) को यूरोपीय देश ग्रीस के एथेंस में समंदर किनारे एक बेहद निजी और शाही समारोह में सात फेरे लिए। आधिकारिक ऐलान: शादी के बाद अनिरुद्ध रविचंदर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर विवाह की पहली तस्वीरें साझा कीं और लिखा, “माय वंस इन ए लाइफटाइम, फॉर ए लाइफटाइम 11.11” (मेरी जिंदगी का एक खास पल, जो हमेशा के लिए है)। सन पिक्चर्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने भी सोशल मीडिया पर नवविवाहित जोड़े को बधाई दी।
बिन पंड़ित शादी
ग्रीस में शादी के जश्न की शुरुआत 10 नवंबर को पारंपरिक तमिल सगाई समारोह से हुई थी। 11 नवंबर की मुख्य शादी में आधुनिकता और परंपरा का अनूठा मेल दिखा। समारोह में न तो पारंपरिक पंडित थे और न ही संस्कृत मंत्रों का जाप, लेकिन दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार मंगलसूत्र की रस्म पूरे उत्साह से निभाई गई। दोनों ने मशहूर डिजाइनर तरुण तहिलियानी के आउटफिट्स पहने थे। काव्या मारन ब्लश-पिंक (डस्टी रोज) रंग के कढ़ाईदार लहंगे में बेहद खूबसूरत नजर आईं, जबकि अनिरुद्ध ने आइवरी रंग के कुर्ते, पारंपरिक वेश्टी और कढ़ाईदार जैकेट के साथ क्लासिक लुक अपनाया। खास मेहमान और व्यंजन: इस निजी समारोह में केवल दोनों परिवारों के सदस्य और बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए। अनिरुद्ध के चाचा और सुपरस्टार रजनीकांत अपने परिवार (बेटी ऐश्वर्या सहित) के साथ नवदंपति को आशीर्वाद देने ग्रीस पहुंचे। इसके अलावा डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन भी इस खास पल के गवाह बने। मेहमानों के स्वागत के लिए खासतौर पर चेन्नई से कैटरर्स बुलाए गए थे, जिन्होंने केले के पत्तों पर पारंपरिक तमिल शाकाहारी भोजन और फिल्टर कॉफी परोसी।
चेन्नई में भव्य ग्रैंड वेडिंग रिसेप्शन
ग्रीस में निजी शादी के बाद अब 21 नवंबर को चेन्नई में एक ग्रैंड वेडिंग रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इसके लिए काव्या के माता-पिता कलानिधि और कावेरी मारन ने खुद तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सहित देश की कई बड़ी राजनीतिक, फिल्मी और खेल जगत की हस्तियों को निमंत्रण दिया है।
अफवाहों से हकीकत तक
पिछले कई महीनों से दोनों के रिलेशनशिप और शादी की खबरें सोशल मीडिया पर चल रही थीं। हालांकि, दोनों ने अपने निजी जीवन को हमेशा मीडिया की नजरों से दूर रखा और एक समय अनिरुद्ध ने सोशल मीडिया पर इन खबरों को सिरे से खारिज भी किया था। लेकिन 11.11 की शुभ तारीख को ग्रीस में हुई इस शादी ने सभी अटकलों पर मुहर लगा दी। काव्या और अनिरुद्ध के बीच केवल निजी ही नहीं, बल्कि मजबूत प्रोफेशनल जुड़ाव भी रहा है। अनिरुद्ध ने मारन परिवार के प्रोडक्शन हाउस ‘सन पिक्चर्स’ की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में संगीत दिया है, जिनमें रजनीकांत की ‘पेट्टा’, ‘जेलर’, ‘जेलर 2’ और विजय की ‘बीस्ट’ शामिल हैं।


