भाजपा युवा मोर्चा की बैठक संपन्न, नवमतदाता अभियान के साथ संत रविदास जयंती के भव्य कार्यक्रम में सहभागिता का आह्वान
मेरठ। सूरजकुंड स्थित महापौर कार्यालय पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश मंत्री अमल खटीक एवं नरेंद्र उपाध्याय भाजपा महामंत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकुर कुशवाहा ने मुख्य अतिथिओ का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में मुख्य अतिथि अमल खटीक ने महानगर युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विस्तृत चर्चा की तथा विशेष अभियान की रणनीति तैयार की। इस अभियान का नेतृत्व महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकुर कुशवाहा करेंगे।
नव मतदाता अभियान
इस अवसर पर अंकुर कुशवाहा ने बताया कि 1, 2 एवं 3 दिसंबर को युवा मोर्चा द्वारा विशेष नवमतदाता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल की टीमें विभिन्न कॉलेजों एवं कोचिंग सेंटरों में पहुंचकर पात्र युवाओं से संपर्क करेंगी तथा उनके नए मतदाता पंजीकरण फॉर्म भरवाकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देते हुए इस अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करेगा। बैठक में अंकुर कुशवाहा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के पावन अवसर पर 26 नवंबर 2026 को रामलीला मैदान, मेरठ में दोपहर 2 बजे आयोजित होने जा रहे भव्य कार्यक्रम में युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारियों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं से सहभागिता का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का मेरठ आगमन प्रस्तावित
उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का मेरठ आगमन प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास सभी के पूजनीय हैं। उनके जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से प्रेरणा लेते हुए सभी कार्यकर्ता कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। अंकुर कुशवाहा ने युवा मोर्चा के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नवमतदाता अभियान को जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाएं तथा संत रविदास जयंती के अवसर पर यात्रा एवं आयोजित भव्य कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाएं। बैठक में मुख्य रूप से अभिषेक ठाकुर प्रशांत सूर्यवंशी विक्रम शर्मा अभिषेक संघी अक्षित त्यागी अनमोल त्रिपाठी रहे।


