
राधारमण लाल के 484वें प्राकट्योत्सव पर बरसा राधा नाम रस, बरसाने की सखियों ने नृत्य कर कान्हा को रिझाया
बुलंदशहर- जहांगीराबाद। नगर के आरसी फार्म हाउस में श्रीराधारमण लाल का 484वां प्राकट्योत्सव बड़े ही भव्य और आध्यात्मिक माहौल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की दिव्यता में बरसाने से आई सखियों और बृज से आये रसिकों ने चार चांद लगा दिए। क्षेत्र सहित दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालु राधा नामरस रूपी सरोवर में डूबे रहे। पूरे परिसर में “राधे-राधे” की गूंज और भक्ति रस की अविरल धारा बहती नजर आई।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद भजन-कीर्तन का दौर देर रात तक चलता रहा। बृज क्षेत्र से पधारे रसिकों ने अपने मधुर भजनों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। मंच को रंग बिरंगे फूलों से सजाया गया। राधारमण लाल का भव्य श्रृंगार देखकर भक्त निहाल होते रहे।
भक्त सखियों ने लिया आनंद
कार्यक्रम में बरसने से आई सखियों, रसिकों, किन्नर समाज एवं भक्तों ने नृत्य कर जमकर आनन्द लिया। कार्यक्रम में भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अनोखा संगम देखने को मिला। आयोजन के दौरान भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के आयोजक सुमित गोयल, विक्की गोयल, शिवम सोनी ने कार्यक्रम में पधारे सभी संतों, रसिकों एवं श्रद्धालुओं को पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। अयोजकों ने बताया कि बीते कई वर्षों से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से नगर में ही वृंदावन के जीवंत दर्शन कराने का प्रयास किया जाता है।
पधारे थे श्रीधाम वृंदावन से
वृंदावन से पधारे भक्तमाली नवनीत प्रिय दास, निकुंज देव, नीरव शर्मा, ध्रुव लाड़ला, और अवधेश कौशिक सहित अन्य रसिक बन्धुओ ने अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को ऊंचाई प्रदान की। इस अवसर पर चुन्नीलाल गोयल, संजय बंसल, पालिकाध्यक्ष किशनपाल सिंह, सूर्यप्रकाश बंसल, गौरव बंसल, संजय गर्ग, शिवम वर्मा, रवि कौशिक, अमन चौहान, माधव गोयल, वेदांश गोयल, तन्मय गोयल, शकुंतला गोयल, पूनम बंसल, रीना गर्ग, अनुजा बंसल, श्वेता गर्ग, संजना गोयल, नीलम गोयल, पायल गोयल, डॉ सूरजभान माहुर सहित हजारों गणमान्य भक्तगण उपस्थित रहे।


