हंगामे के बाद वापस लौटी निगम की टीम

Shekhar Sharma
3 Min Read

आवास विकास की सर्विस रोड पर हाजरी स्थल बनाने का निगम का प्रयास, शास्त्री नगर में हंगामा नगर निगम की टीम को लौटना पड़ा वापस, जबरदस्त विरोध, आवास विकास परिषद ने भी कर दिया मना

मेरठ/ मेडिकल के शास्त्री नगर एल ब्लॉक में हाजरी स्थल बनाने पहुंची नगर निगम की टीम को लोगों के विरोध और आवास विकास परिषद के मना करने पर वापस लौटना पड़ा। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के स्टॉफ के लिए शास्त्रीनगर एल-ब्लॉक में हाजरी स्थल बनाने के लिए आज सुबह नगर निगम की टीम एल ब्लॉक में पहुंची। सफाई कर्मचारियों के लिए हाजरी स्थल बनाए जाने की बात जब लोगों को पता चली तो उन्होंने विरोध कर दिया। वहां हंगामा शुरू हो गया। हंगामा और विरोध के चलते वहां निगम की टीम काम नहीं शुरू करा सकी।

आला अफसर मौके पर

विरोध की खबर मिलने पर नगरायुक्त सौरभ गंगवार के निर्देश पर वहां निगम का प्रवर्तन दल, अपर नगरायुक्त लवि त्रिपाठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमर सिंह अगवाना, निगम के निर्माण विभाग के जेई पदम सिंह आदि मौके पर पहुंच गए। प्रवर्तन दल का स्टाफ देखकर वहां लोग पीछे हट गए, लेकिन बाद में उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और कह दिया कि किसी भी कीमत पर यहां पर हाजरी स्थल नहीं बनाने दिया जाएगा। यह आम रास्ता है। इसके अलावा आसपास दुकानें भी हैं। यहां पर सफाई कर्मचारियों के लिए निगम द्वारा हाजरी स्थल का बनाया जाना निगम के स्टाफ के लिए भी ठीक नहीं रहेगा। इसको लेकर काफी देर तक गहमा-गहमी चलती रही। निगम के अधिकारियों का कहना था कि यह सरकारी जगह है। नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आती है। इस पर हाजरी स्थल बनाया जाएगा। लोगों का कहना था कि यह नगर निगम की जगह नहीें है।

आवास विकास के जेई की ना

जब हंगामा अधिक होने लगा तो नगर निगम के अफसरों ने वहां आवास विकास के अधिकारियों से संपर्क किया। कुछ देर बाद वहां पर आवास विकास से एक जेई पहुंच गए। उन्होंने बताया कि जिस जगह पर हाजरी स्थल बनाए जाने की बात नगर निगम के अधिकारी कर रहे हैं, वह सर्विस रोड है। वहां पर किसी भी कीमत पर कोई निर्माण नहीं कराया जा सकता। इससे रास्ता बाधित होगा। आवास विकास परिषद के जेई की ना के बाद वहां से नगर निगम के अफसर लौट आए।

TAGGED:
Share This Article