तीन स्थानों पर गरजी निगम की जेसीबी

Shekhar Sharma
4 Min Read

हापुड़ रोड संतोष हॉस्पिटल के समीप व गढ़ रोड लोकप्रिय के सामने ध्वस्तीकरण, तीन स्थानों पर गरजी निगम की जेसीबी

मेरठ। नगरायुक्त के निर्देश पर नगर निगम का नाले नालियों को मुक्तिकरण का अभियान आज भी जारी रहा। निगम के ध्वस्तीकरण दस्ते ने प्रवर्तन दल के सहयोग से गंगानगर में डाउन टाउन के समीप डिफैंस कालोनी से सटे इलाके में अवैध कब्जे हटवाए। निगम के प्रवर्तन दल प्रभारी संजीव कुमार सिंह सेना मेडल व सहायक नगरायुक्त/संपत्ति प्रभारी भोला नाथ गौतम तथा लेखपाल राजेश व रूद्रेश तथा प्रवर्तन दल के सभी जवान यहां कार्रवाई को पहुंचे थे। यहां पर यहां तमाम लोगों ने भारी भरकम खोखे डालकर सरकारी जमीन पर कब्जे कर लिए थे। इनके कब्जे सफाई में बाधक बने हुए थे। जेसीबी की मदद व प्रवर्तन दल के सहयोग से ये सभी कब्जे हटा कर सरकारी जगह को मुक्त कर लिया गया। निगम के ध्वस्तीकरण अभियन के बाद यह जगह अवैध कब्जों से मुक्त होने पर लोगों ने राहत की सांस ली और निगम प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकार के इंतजाम कराए जाते ताकि भविष्य में दोबारा कोई यहां कब्जे ना करे। याद रहे गंगानगर डाउन टाउन के सामने लोगों ने नाले की पटरी पर व्यापक रूप से अवैध कब्जे किए हुए थे । इनको लेकर अनेक बार नगर निगम प्रशासन से लोगों ने शिकायतें की थीं। जिनका संज्ञान लेकर नगरायुक्त सौरभ गंगवार के निर्देश पर प्रवर्तन दल के सहयोग से निगम के ध्वस्तीकरण दस्ते ने कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाया।

हापुड़ रोड व गढ़ रोड पर गरजी जेसीबी

नगर निगम का ध्वस्तीकरण दस्ता हापुड़ रोड पर जब संतोष हास्पिटल के सामने पहुंचा तो वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। उन्होंने निगम के दस्ते को घेर लिया, लेकिन प्रवर्तन दल की सख्ती के आगे विरोध करने वालों की एक ना चली। कुछ लोग अवैध कब्जे हटाने का विरोध कर रहे थे। लेकिन उनको नसीहत देते हुए सख्ती से हटा दिया गया। उसके बाद वहां से जेसीबी की मदद से निगम के दस्ते ने अवैध कब्जे हटाए। यहां व्यापक रूप से अवैध कब्जे हटाए गए। तमाम लोगों ने लोहे के भारी भरकम खोखे यहां रखे हुए थे। सभी को हटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान यहां खूब हंगामा भी हुआ। इसी तर्ज पर गढ़ रोड सम्राट पैलेस लोकप्रिय हॉस्पिटल के सामने से भी सरकारी जमीन पर रखे गए अवैध खोखे हटवा दिए गए। इन खोखों की वजह से दिन भर जाम सरीखे हालात रहते थे। इसके अलावा अवैध खोखों की वजह से यहां निगम के कर्मचारियों को सफाई करने में भी असुविधा होती थी।
नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि सरकारी जमीन पर खासतौर से नाले नालियों की पटरी पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नाले नालियों की पटरी तथा सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे कर खोखे आदि ना रखे जाएं। इससे सफाई में असुविधा होती है। उन्होंने ऐसे मामलों सख्त कार्रवाई की बात कही है।

TAGGED:
Share This Article