
कांवड़ यात्रा मार्ग पर बनाए जाएंगे हेल्थ बूथ, डाक्टरों का पूरा अमला रहेगा तैनात, इमरजैंसी केस के लिए एम्बुलेंस भी मिलेगी
मेरठ। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शासन के आदेश पर तमाम महकमे तैयारियों में जुट गए हैं। जो महकमे इसकी तैयारी में जुटे हैं उनमें स्वास्थ्य विभाग भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियों का ब्लूप्रिंट जिला प्रशासन की मार्फत शासन को भेज दिया है। सीएमओ राम प्रसाद ने तमाम तैयारियों की जानकारी दी और बताया कि इस दौरान स्वास्थ्य विभाग हाईअलर्ट पर रहेगा व्यापक तैयारियां की गयी हैं ताकि कांवड़ियों को स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर परेशान ना होना पड़े। सबसे बड़ी सुविधा बाइक एम्बुलेंस के जरिये मिलेगी।
कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने शिवभक्तों की सुरक्षा और त्वरित इलाज के लिए जो प्लान तैयार किय गया है उसमें मुख्य फोकस भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बिना समय गंवाए चिकित्सीय सहायता पहुंचाना है। इस साल के प्लान में सबसे बड़ा और नया बदलाव 16 बाइक एंबुलेंस की शुरुआत है। अक्सर कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़ या संकरे रास्तों के कारण बड़ी चार पहिया एंबुलेंस घटना स्थल तक नहीं पहुंच पाती हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 16 बाइक एंबुलेंस तैयार की हैं।
100 डाक्टरों की तैनाती रहेगी
सीएमओ डॉक्टर राम प्रसाद ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर 32 हेल्थ बूथ बनाए जाएंगे। कुल 100 डॉक्टरों की तैनाती रहेगी। कुल 350 स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती होगी। गंभीर मरीजों को शिफ्ट करने के लिए सरकारी 108 सेवा की 19 एंबुलेंस और 25 प्राइवेट अस्पतालों की एंबुलेंस को भी रिजर्व पर रखा गया। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल दोनों जगह 20-20 बेड विशेष रूप से कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेंगे। मार्ग पर पड़ने वाले 25 प्राइवेट अस्पतालों को चिन्हित कर वहां 5 से 10 बेड आरक्षित कराए जा रहे हैं।


