बालिकाओं को संस्कार, देशभक्ति और धर्म से जोड़ने के लिए दिया गया प्रशिक्षण
मेरठ। विश्व हिंदू परिषद, मातृशक्ति मेरठ महानगर द्वारा आज मुक्ताकाश विद्यालय के प्रांगण में एक दिवसीय बाल संस्कार अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। अभ्यास वर्ग का शुभारंभ प्रात: 9:00 बजे विभाग संयोजिका विचित्रा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वर्ग में मातृशक्ति की बहनों को प्रशिक्षित किया गया कि बाल संस्कार केंद्रों के माध्यम से बच्चों को बौद्धिक कथाएं, श्लोक, मंत्र, देशभक्ति गीत, भजन तथा विभिन्न खेलों के माध्यम से किस प्रकार परिवार, समाज, धर्म और राष्ट्र से जोड़ा जा सकता है। इस विषय पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभाग संयोजिका विचित्रा जी ने कहा कि वर्ग में बहनों को लाठी संचालन तथा नि:शस्त्र आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। बहनों को शारीरिक, मानसिक और वैचारिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वह हर परिस्थिति में स्वयं की रक्षा करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी दृढ़ता से निर्वहन कर सके। उन्होंने कहा कि ‘जब नारी अपने सामर्थ्य को पहचान लेती है, तब वह केवल स्वयं नहीं, बल्कि पूरे समाज को सशक्त बनाने का संकल्प बन जाती है। प्रशिक्षण के माध्यम से बहनों में आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस एवं राष्ट्रसेवा की भावना को जागृत करने का प्रयास किया गया।
अभिनय करने का प्रशिक्षण
विहिप के आकाश प्रजापति ने बताया कि वर्ग में बहनों को प्रेरणादायक कहानियों का पात्र अभिनय करने का प्रशिक्षण दिया, बच्चों को विभिन्न खेल खिलाने की विधियों की जानकारी दी, श्लोक एवं मंत्रों के शुद्ध उच्चारण व राष्ट्र गीत एवं भजनों का अभ्यास कराया। इस अभ्यास वर्ग में महानगर सहसंयोजिका कविता जी,प्रखंड संयोजिका पदमा, प्रखंड संयोजिका संगीता व मातृशक्ति की बहनें उपस्थित रहीं और उन्होंने बाल संस्कार केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।


