सदर बाजार, आबूलेन, पीएल शर्मा रोड, कंकरखेड़ा समेत शहर के कई व्यापार संघ बंद के साथ




बंद को वकील छात्र व व्यापारियों का समर्थन, शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के आंदोलनकारियों का शहर में तूफानी जनसंपर्क
मेरठ। दो सितंबर को मेरठ बंद भाजपा के व्यापारी नेताओं के गले की फांस बन गया है। भाजपा के केवल व्यापारी नेता ही नहीं बल्कि दूसरे बड़े नेताओं के लिए भी मेरठ बंद मुसीबत की वजह माना जा रहा है। हालात यह हो गयी है कि मेरठ बंद अब भाजपा संगठन और सरकार के विरोध की शक्ल लेता जा रहा है। भाजपा के तमाम बड़े नेता इसके बुरे साइड इफैक्ट को बगैर किसी हिचक के स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन उनके पास इन हालातों से निकलने का कोई रास्ता नहीं है। चुनावी राजनीति में दखल रखने वाले भाजपा के नेताओं की सबसे बड़ी चिंता इस पूरे घटनाक्रम के असर शहर विधानसभा की तीनों सीटों पर पड़ने को लेकर है। हालांकि कैंट विधानसभा पर भाजपा नेता इस मामले के साइड इफैक्ट उतना पड़ता नहीं मान रहे हैं जितना कि शहर और दक्षिण विधानसभा सीटों पर पड़ना मान रहे हैं, लेकिन उनका यह भी कहना हे कि ऐसा भी नहीं है कि कैंट विधानसभा सीट पर इसका बिलकुल भी असर नहीं पड़ेगा। उनका तर्क है कि यह मामला पूरी तरह से व्यापारियों से जुड़ा हुआ है और इस मामले से जुड़े व्यापारियों में भी हिन्दू व्यापारी ९९ फीसदी हैं। जब रोटी रोजगार छिनने की नौबत आती है तो फिर भले ही कोई कितना ही निष्ठावान हो उसको भी संगठन या सरकार नहीं बल्कि पहले अपना घर परिवार व रोटी रोजगार दिखाई देता है।
बंद को वकील छात्र व व्यापारियों का समर्थन
दो सितंबर के बंद को बेगमपुल व आबूलेन सरीखे शहर के प्रमुख बाजारों का समर्थन का दावा आंदोलनकारियों ने किया है। इसके अलावा जनपद विभिन्न लगभग एक हजार छोटे बड़े संगठनों के बंद के साथ आने की बात कही जा रही है। विपक्षी दलों के तमाम व्यापारी तथा जो नेता शुरू से ही इस आंदोलन से जुड़े रहे हैं उन्होंने भी बंद को लेकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जिसके चलते दो सितंबर के बंद पर रंग चढ़ता नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि यदि दो सितंबर से पहले कोई राहत भरी खबर या घटनाक्रम नहीं होता तो पहली बार मेरठ में ऐसा होगा कि व्यापार संघ बगैर (अभी तक अजय गुप्ता नटराज व्यापार संघ के समर्थन पर चुप्पी की बात कहीं जा रही है। इसके पीछे कैंट विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी बतायी जा रही है, हालांकि नवीन गुप्ता निर्वाचित व्यापार संघ ने मेरठ बंद के समर्थन का एलान किया है।) मेरठ बंद सफल होता नजर आ रहा है। बंद को सबसे बड़ा समर्थन जैन समाज से मिला है। जैन संत से भी बंद समर्थक मिलने पहुंचे थे। उनसे आर्शीवाद लिया।
नर्सिंगहोम संचालकों में उबाल
आवास विकास परिषद ने शास्त्रीनगर के जिन नर्सिंगहोम संचालकों को नोटिस दिए हैं उन्हें सीएमओ आफिस के मरीज शिफ्ट किए जाने के अल्टीमेटम के बाद शहर भर के नर्सिंगहोम संचालक और डाक्टरों में उबाल हैं। सीएमओ के मरीजों को शिफ्ट किए जाने के अल्टीमेटम के बाद हालात टकराव के बनते जा रहे हैं। इतना ही नहीं जो नर्सिंगहोम संचालक आधे अधूरे मन से अब तक इस आंदोलन में जुड़े बताए जा रहे थे, वो अब पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहे हैं। जिसके चलते दो सितंबर के मेरठ बंद की तैयारियों पर पूरी रंगत चढ़ गयी है। वहीं दूसरी ओर आज बंद समर्थन बेगमपुल व्यापार संघ के पदाधिकारियों से मिले। इसके अलावा ये लोग आबूलेन के व्यापारियों से मिलने के लिए पहुंचे। हालांकि आबूलेन व सदर का इलाका भाजपा का गढ़ माना जाता है, लेकिन आबूलेन और सदर की यदि बात की जाए तो वहां तमाम ऐसे व्यापारी नेता मौजूद हैं जो सपा या दूसरे विपक्षी दलों या फिर नवीन गुप्ता खेमे का समर्थन करते हैं। नवीन गुप्ता व्यापार संघ का जिन बाजारों में पूरी तरह से प्रभाव माना जाता है, वहां बंद को प्रभावी माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन समिति का बाजारों में व्यापारियों को लामबंद करने का अभियान मंगलवार को भी चला। समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर, भाकियू (धन सिंह कोतवाल) के अध्यक्ष नितेश पंवार ने शास्त्रीनगर में संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री संजय जैन के कार्यालय में अध्यक्ष नवीन गुप्ता और अन्य पदाधिकारियों के साथ बातचीत की। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि शास्त्रीनगर, जागृति विहार, माधवपुरम के व्यापारियों के समर्थन में पूरे मेरठ में दो सितंबर को बंद का आह्वान किया गया है। संगठन की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है। संगठन से 690 व्यापार संघ जुड़े हैं। 55-60 हजार व्यापारियों से दो सितंबर को दुकानें बंद रखने और प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है। नवीन गुप्ता ने कहा कि मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा कई बाजारों का सर्वे किए जाने से व्यापारियों में दहशत है। सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी से अपील की कि एक साथ मिलकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से समस्या का हल निकालने की मांग की जाए। महामंत्री संजय जैन, सुनील रिठानी, राजवीर सिंह, अमित बंसल मौजूद रहे। समिति के पदाधिकारी हापुड़ रोड, आरटीओ रोड, सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट, भगत सिंह मार्केट भी पहुंचे और बंद के लिए समर्थन मांगा। बंद समर्थन की बात करें तो नितेश पंवार ने कहा किसान और व्यापारियों की रोजी रोटी पर आंच आई तो विरोध किया जाएगा।
ये आए साथ
गढ़ रोड राजा रानी मंडप में मेरठ मंडप एसोसिएशन के विपुल सिंघल के साथ समिति के सदस्यों की वार्ता हुई। स्कूल लीडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कंवलजीत ने कहा कि 75 स्कूलों के संचालकों ने दो सितंबर को स्कूल बंद करने का आश्वासन दिया है। राधा गुप्ता, शालू शर्मा, शीतल पुजानी, सुदीप जैन, अर्पित मोगा, अंजनेय सिंह, राहुल मलिक मौजूद रहे। संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन समिति द्वारा बुधवार को कमिश्नरी, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में छात्र संघ पदाधिकारियों, बेगमपुल में जनसंपर्क करेंगे। मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा, सदर व्यापार मंडल के महामंत्री अमित बंसल ने बताया कि पूरा सदर बाजार इलाका दो सितंरबर को बंद रहेगा। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने बताया कि उनकी ६९६ संस्थाएं बंद में शामिल रहेंगी। आबूलेन व्यापार संघ अध्यक्ष आकाश खन्ना भी भी बंद को पूर्ण समर्थन दिया है। पीएल शर्मा रोड व्यापार संघ ने भी समर्थन का एलान किया है। वहां के अध्यक्ष सुभाष ने बताया कि दुकानें बंद रहेंगी। रिठानी व्यापार संघ के अध्यक्ष सुनील वर्मा ने भी दो सितंबर के बंद के सफल होने का दावा किया है। कंकरखेड़ा व्यापार संघ के अध्यक्ष नीरज मित्तल भी बंद के समर्थन में हैं।


