शहर के “खुले नाले बने मौत के कुंए

Shekhar Sharma
2 Min Read

दिल्ली रोड नेवला फ्लाईओवर के पास खुले नाले में बाइक सवार युवक गिरा, नगर निगम की घोर लापरवाही

मेरठ। दिल्ली रोड स्थित नेवला फ्लाईओवर के समीप आज उस वक्त बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक अनियंत्रित बाइक सवार युवक सड़क किनारे खुले नाले में बाइक सहित जा गिरा। मौके पर वहां से जा रहे युवा नेता, अखिल भारतीय राष्ट्रवादी सेवा समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी हर्ष वशिष्ठ अपनी टीम के साथ भारी मशक्कत के बाद युवक को नाले से सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। इसके बाद हर्ष वशिष्ठ ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर जेसीबी मशीन बुलवाई और गहरे नाले में डूबी बाइक को बाहर निकलवाया। हालांकि, नाले के तेज बहाव और गंदगी के कारण गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले पीड़ित युवक का मोबाइल फोन नाले में ही गिरकर खो गया।

नगर निगम पर गंभीर सवाल

घटना पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए हर्ष वशिष्ठ ने कहा कि शहर भर में खुले पड़े नाले आम जनता के लिए खुलेआम मौत का सामान बन चुके हैं। उन्होंने कहा, “यह नगर निगम की सीधे तौर पर घोर लापरवाही है। यदि आज युवक के साथ कोई अनहोनी हो जाती या उसकी जान चली जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? एक गरीब युवक अपनी मेहनत से खरीदी बाइक और फोन लेकर सड़क पर निकलता है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है।” उन्होंने नगरायुक्त से मांग की कि दिल्ली रोड सहित पूरे शहर के खुले नालों को तत्काल पक्के स्लैब और मजबूत बैरिकेडिंग से ढका जाए। लापरवाह अधिकारियों व संबंधित ठेकेदारों की जवाबदेही तय हो। पीड़ित युवक को हुए नुकसान की भरपाई नगर निगम प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जाए। हर्ष वशिष्ठ ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने खुले नालों को जल्द से जल्द सुरक्षित नहीं किया, तो अखिल भारतीय राष्ट्रवादी सेवा समिति क्षेत्रीय नागरिकों को साथ लेकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन करेगी।

TAGGED:
Share This Article