डीएम के सामने खोली समस्याओं की पोटली

Shekhar Sharma
2 Min Read

विकास भवन में व्यापार बंधु की बैठक, संयुक्त व्यापार समिति के विपुल सिंघल ने यातायात एवं जल निकासी समस्या उठायीं

मेरठ। विकास भवन में हुई व्यापार बंधु की बैठक में पहुंचे व्यापारी नेताओं ने जिलाधिकारी के समक्ष शहर की समस्याओं की पोटली खोलकर रख दी। बैठक में सोहराब गेट बस अड्डे को शहर से बाहर गोकलपुर अथवा लोहिया नगर क्षेत्र में स्थायी रूप से स्थानांतरित करने, गढ़ रोड स्थित काली नदी पुल के चौड़ीकरण, पूर्वी कचहरी रोड/शिवाजी रोड क्षेत्र में अधूरी जल निकासी व्यवस्था को पूर्ण कराने हेतु शंकर आश्रम के दूसरी ओर हेल्थ केयर सेंटर , यशलोक नर्सिंग होम की ओर निर्माण कराने तथा वार्ड 32 मानसरोवर गली नं. 1 में नाली निर्माण में हो रही अनियमितताओं की जांच एवं पुन: नाली निर्माण की मांग प्रमुख रूप से रखी। इन समस्याओं के समाधान से शहर को जाम एवं जलभराव जैसी गंभीर समस्याओं से स्थायी राहत मिल सकेगी। अकरम गाजी महानगर अध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने वार्ड 72 हापुड़ स्टैंड चौराहा स्थित मुरली लाल की बगिया में सड़क के निर्माण हेतु, भगत सिंह मार्केट में नई पाइपलाइन में पानी न आने से हो रही समस्याओं से अवगत कराया। आशीष चौधरी ने नेशनल हाईवे 58 के किनारे अस्थाई खोखे ठेले को हटाने, वेदव्यास पुरी क्षेत्र सेक्टर 1, 2 व 4 में नाला नाली चालू करने तथा वहां पर सफाई के लिए कहा ।

अवैध कब्जे हटवाएं

संयुक्त व्यापार समिति के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने युनिवर्सिटी मार्ग पर जेल चुंगी से तेज गाड़ी चौराहे तक सड़क के दोनों ओर निर्मित फुटपाथों पर वर्तमान में अनेक व्यक्ति द्वारा जूते , मेज, स्विमिंग पूल आदि की बिक्री के कारण सड़क पर निरंतर होने वाले जाम से मुक्ति दिलाने को कहा। इस मौके पर विपुल सिंघल, अकरम गाजी ,आशीष चौधरी, नवीन अग्रवाल ,सौरभ अग्रवाल, मोहम्मद अब्बास ,इसरार सिद्दीकी ,रजनीश रंजन ,विनोद त्यागी सरावा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

TAGGED:
Share This Article