IPS की तबादला सूची पर मंथन

Shekhar Sharma
2 Min Read

डीजीपी मुख्यालय में आईपीएस तबादला सूची पर मंथन तेज, कई जिलों के कप्तान बदलने की तैयारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर तबादलों की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, डीजीपी मुख्यालय में आईपीएस अधिकारियों की नई तबादला सूची को लेकर लगातार मंथन हो रहा है। बड़े अधिकारियों की अंतिम सहमति के बाद सूची कभी भी जारी की जा सकती है। सूत्रों की मानें तो इस फेरबदल में लगभग एक दर्जन जिलों के पुलिस कप्तानों (एसपी) को बदला जा सकता है। आरआर (RR) बैच के 6 से 7 आईपीएस अधिकारियों को पहली बार जिले की कमान मिलने की संभावना है। वहीं, कुछ एसपीएस से आईपीएस बने अधिकारियों को भी जिलों की जिम्मेदारी मिल सकती है। फोकस युवा अफसरों पर रहेगा। कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए 6 से 7 युवा आरआर (RR) बैच के आईपीएस अधिकारियों को पहली बार किसी जिले का पुलिस प्रमुख बनाया जा सकता है।

तीन दर्जन से अधिक आईपीएस

बताया जा रहा है कि कई युवा आईपीएस अधिकारियों को भी जनपदों में तैनाती दी जाएगी, जबकि कुछ वर्तमान जिला कप्तानों का एक जिले से दूसरे जिले में तबादला किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, लखनऊ और नोएडा के पुलिस कमिश्नर पद को लेकर भी मंथन जारी है और इस पर अंतिम फैसला अभी बाकी है। लखनऊ में तैनात एडीजी रैंक के एक अधिकारी को जल्द महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है। वहीं, गंगा किनारे तैनात एक आईपीएस अधिकारी को भी किसी जिले का कप्तान बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे एक जिले को नया पुलिस कप्तान मिल सकता है। लंबे समय से गैर-जिलाई तैनाती पर चल रहे दो आईपीएस अधिकारियों को भी इस बार जिले की कमान मिलने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि वरिष्ठ स्तर पर अंतिम मंजूरी मिलते ही तीन दर्जन से अधिक अधिकारियों के नामों वाली तबादला सूची जारी की जा सकती है।

Share This Article