‘वोट चोरी’ के खिलाफ 28 सितंबर को कांग्रेस का प्रदर्शन

Shekhar Sharma
3 Min Read

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सभी जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों को प्रदर्शन की तैयारी के निर्देश

लखनऊ/मेरठ, 25 सितंबर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में 28 सितंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का फैसला किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सभी जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों को प्रदर्शन की तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजबहादुर की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटियां संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय पर विरोध मार्च निकालेंगी। प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनकी गिरफ्तारी तथा उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की जांच की मांग उठाई जाएगी।

मतदाताओं के बीच सवाल

कांग्रेस का कहना है कि SIR की प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं। पार्टी ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरते जाने तथा मतदाताओं को अपनी आपत्ति दर्ज कराने का पर्याप्त अवसर दिए जाने की मांग की है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि मतदाता सूची का मामला सीधे लोगों के मतदान के अधिकार से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित प्रक्रिया के मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए। SIR को लेकर लोगों के मन में जो सवाल हैं, चुनाव आयोग को उनका स्पष्ट जवाब देना चाहिए। 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता जिला मुख्यालयों पर एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के प्रति जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए चुनावी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने कहा, “मतदाता लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उसके मतदान के अधिकार से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए। कांग्रेस इसी मांग को लेकर 28 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर आवाज उठाएगी।” प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला और शहर कांग्रेस पदाधिकारियों, वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है।

TAGGED:
Share This Article