


शुभारंभ सचिव डॉ. संजय कुमार जैन, अध्यक्ष दिनेश चंद्र जैन, कोषाध्यक्ष योगेंद्र प्रकाश जैन, प्रधानाचार्य शरद त्यागी एवं उप-प्रधानाचार्य पवन कपूर के हाथों
मेरठ। कैंट और मवाना स्थित ऋषभ एकेडमी में दीपावली का पावन पर्व बड़े हर्षोल्लास, धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस पूरे भव्य आयोजन और प्रबंधन में विद्यालय के सचिव डॉ. संजय कुमार जैन जी की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही, जिनकी देखरेख में विद्यार्थियों और स्टाफ ने मिलकर उत्सव को यादगार बनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य रूप से सचिव डॉ. संजय कुमार जैन, अध्यक्ष दिनेश चंद्र जैन, कोषाध्यक्ष योगेंद्र प्रकाश जैन, प्रधानाचार्य शरद त्यागी एवं उप-प्रधानाचार्य पवन कपूर द्वारा भगवान महावीर, माँ सरस्वती, माँ लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सचिव डॉ. संजय कुमार जैन के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और उत्साह से पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों एवं अयोध्या आगमन से संबंधित सुंदर एवं मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसके माध्यम से सत्य, धर्म और अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश दिया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
कैंट और मवाना ऋषभ एकेडमी में किंडरगार्डन के बच्चों ने ‘राम आएंगे’ गीत पर सुंदर नृत्य किया। कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों ने ‘मेरे वीर प्रभु सा कोई नहीं’ और कक्षा 11से 12 तक के छात्रों ने ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया’ भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इस अवसर पर इंटर-हाउस रंगोली, कैंडल मेकिंग और बंदनवार मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरा प्रांगण आकर्षक रंगोलियों और दीपों से सराबोर दिखा। कार्यक्रम का कुशल संचालन कक्षा 7 की छात्राओं बुशरा एवं कशिश ने किया। इस दौरान संगीत और कला विभाग का विशेष योगदान रहा। प्रधानाचार्य शरद त्यागी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के अनुकूल (इको-फ्रेंडली) व सुरक्षित दीपावली मनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक उद्देश्य जीवन में खुशियों, प्रेम और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाना है।
कार्यक्रम के समापन पर सचिव डॉ. संजय कुमार जैन सहित समस्त प्रबंध तंत्र और प्रधानाचार्य ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इसके बाद सामूहिक रूप से माँ लक्ष्मी एवं भगवान गणेश जी की आरती की गई और सभी विद्यार्थियों व अध्यापकों को प्रसाद वितरित किया गया।


