प्रतियोगिता में अर्जुन सदन, भारत सदन, सदन तथा शिवाजी सदन ने सहभागिता की
मेरठ। छावनी के वेस्ट एंड रोड मंदिर मार्ग स्थित ऋषभ एकाडेमी में ‘एआई – रचनात्मकता के लिए खतराÓ विषय पर अंतर सदनीय अंग्रेजी वाद- विवाद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अर्जुन सदन, भारत सदन, सदन तथा शिवाजी सदन के विद्यार्थियों ने उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ सहभागिता की। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सार्वजनिक वक्तृत्व कला, आलोचनात्मक चिंतन, तार्किक विश्लेषण तथा प्रभावशाली अभिव्यक्ति जैसी क्षमताओं का विकास करना था। प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष एवं विपक्ष में गहन अध्ययन एवं प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए, जिससे प्रतियोगिता अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं रोचक रही।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद जैन, सचिव डॉ. संजय कुमार जैन (सी.ए.) एवं कोषाध्यक्ष योगेन्द्र प्रकाश जैन भी उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य शरद त्यागी, उपप्रधानाचार्य पवन कपूर, डॉ. फरहा जमाल, श्रीमती ममता शर्मा, श्रीमती फरहा जाफरी एवं आवेश कुमार शामिल रहे। सभी निर्णायकों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, तार्किक प्रस्तुतीकरण एवं स्पष्ट अभिव्यक्ति की सराहना की।
शिवाजी प्रथम, प्रताप द्वितीय व भारत तृतीय
प्रतियोगिता के परिणामों में शिवाजी सदन ने प्रथम स्थान, प्रताप सदन ने द्वितीय स्थान तथा भारत सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता सदनों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों की तैयारी, आत्मविश्वास एवं खेल भावना की प्रशंसा की गई। विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों, प्रधानाचार्य एवं उपप्रधानाचार्य ने विजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। साथ ही गतिविधि प्रभारी श्रीमती प्रीति शर्मा द्वारा प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन के लिए विशेष प्रशंसा व्यक्त की गई। कार्यक्रम प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ तथा विद्यार्थियों को उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रभाव पर गंभीरतापूर्वक विचार करने के साथ-साथ आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं प्रभावी संप्रेषण कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।


