लाखों ने पतित पावनी मां गंगा में पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ कमाया
नई दिल्ली/हापुड़/गुढमुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को गढ़मुक्तेश्वर और पुष्पावती पूठ के पतित पावनी मां गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अनुमान है कि कड़ाके की ठंड के बावजूद देश के विभिन्न हिस्सों से आए 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ कमाया। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे शामिल रहे। गंगा घाटों पर मुख्य स्नान का क्रम अर्धरात्रि के उपरांत ही शुरू हो गया था। तड़के तीन बजे से ब्रह्ममुहूर्त के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष के साथ भक्तों ने स्नान किया, सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गरीबों व ब्राह्मणों को अन्न, वस्त्र और द्रव्य का दान किया। देव दीपावली और मोक्ष की कामना: शास्त्रों में कार्तिक पूर्णिमा को ‘देव दीपावली’ के रूप में भी मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन देवतागण स्वयं पृथ्वी पर आकर गंगा में स्नान करते हैं, इसलिए इस तिथि पर गंगा स्नान करने से व्यक्ति को सभी पापों से मुक्ति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, महाभारत के विनाशकारी युद्ध के बाद भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों को युद्ध में मारे गए परिजनों और वीरों की आत्मा की शांति के लिए इसी पवित्र स्थल पर पिंडदान और तर्पण करने की सलाह दी थी। तभी से यहां कार्तिक मास में स्नान और पितरों की शांति के लिए दीपदान करने की परंपरा चली आ रही है।
रेती में मिनी कुंभ
कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर ब्रजघाट गढ में रेती के विशाल मैदान में लगने वाला सदियों पुराना कार्तिक पूर्णिमा मेला भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। लगभग 10 से 12 किलोमीटर के दायरे में फैले खादर क्षेत्र में पिछले एक पखवाड़े से श्रद्धालुओं ने तंबू लगाकर प्रवास किया। इसे उत्तर भारत का ‘मिनी कुंभ’ भी कहा जाता है। मेले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान की ग्रामीण संस्कृति की झलक देखने को मिली। भैंसा-बुग्गी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचे ग्रामीणों ने लोकगीतों, रागनी और भजन-कीर्तन के माध्यम से उत्सव मनाया। मेले में लगे विशाल बाजारों में पारंपरिक खिलौनों, पूजा सामग्री, लोहे के औजारों और गर्म कपड़ों की खूब खरीदारी हुई। बच्चों और युवाओं के लिए झूले, सर्कस और सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे।
प्रशासनिक व्यवस्था और घर वापसी
भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हापुड़ जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी के साथ-साथ दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-9) पर यातायात को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया। मुख्य स्नान संपन्न होने के साथ ही अब खादर क्षेत्र से लाखों श्रद्धालुओं का अपने घरों की ओर लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है।


