
विधानसभा चुनाव से पहले मेरठ में बहुजन समाजपार्टी को बड़ा झटका लगा है
मेरठ। विधानसभा चुनाव से पहले मेरठ में बहुजन समाजपार्टी को बड़ा झटका लगा है। बसपा के कदावर नेताओं में शुमार किए जाने वाले पूर्व जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह पाल समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। संगठन में उनकी ज्वाइनिंग स्वयं पूर्व सीएम व सपाध्यक्ष अखिलेश यादव ने करायी। जयपाल सिंह पाल के साथ पिछड़ी जाति के कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। जयपाल सिंह पाल का सपा में जाना बसपा के लिए चुनाव से पहले बड़ा झटका माना जा रहा है। जयपाल सिंह पाल की अखिलेश यादव से मुलाकात मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी रहे दारा सिंह प्रजापति ने करायी है। दारा सिंह प्रजापति के बाद जिस तरह से पिछड़े वर्ग के तमाम कदावर चेहरे समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं वो बसपा के अलावा एक बड़ा झटका भाजपा के लिए भी माना जा रहा है। दारासिंह प्रजापति अपने समाज के अलावा अन्य बिरादरियों में खासा रसूख रखते हैं। वहीं दूसरी ओर जयपाल सिंह पाल पिछले 30 वर्ष से लगातार बहुजन समाज पार्टी सक्रिय नेता रहे हैं। दो बार नगर निगम के पार्षद भी रह चुके हैं और दिल्ली प्रदेश के बसपा प्रभारी भी रह चुके हैं। दारासिंह प्रजापति के प्रयासों के चलते इन सभी ने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर बहुजन समाज पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय पर समाजवादी पार्टी मेरठ के जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी, मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र मलिक, विधायक सरधना अतुल प्रधान, विजय पाल कश्यप एवं पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रजापति, पाल समाज एवं कश्यप एवं सैनी समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।


