ऋषभ अकादमी में गांधी शास्त्री जयंती

Shekhar Sharma
2 Min Read

ऋषभ अकादमी में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई

मेरठ। ऋषभ अकादमी कैंट में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एस. त्यागी एवं उपप्रधानाचार्य पवन कपूर द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ की अत्यंत सुंदर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य एस. त्यागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के सत्य, ईमानदारी एवं अहिंसा के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का वर्णन करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। जयंती समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं तार्किक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतरसदनीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ

इस अवसर पर ऋषभ अकादमी प्रबंधन के अध्यक्ष दिनेश चंद जैन, सचिव डॉ. संजय कुमार जैन, कोषाध्यक्ष योगेंद्र प्रकाश जैन, प्रधानाचार्य एस. त्यागी तथा उपप्रधानाचार्य पवन कपूर ने सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा जैसे महान आदर्शों से परिचित कराना तथा उन्हें अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

TAGGED:
Share This Article