स्वास्थ्य के प्रति महिलाओं को किया जागरूक

Shekhar Sharma
4 Min Read

पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब ने मनाया करवा चौथ सेलिब्रेशन, महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

मेरठ। पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब द्वारा फूल बाग कॉलोनी स्थित एडवांस फिजियोथैरेपी क्लीनिक पर करवा चौथ सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा व्रत के दौरान जरूरी सावधानियों की जानकारी देना रहा। क्लब निदेशक आयुष गोयल एवं पीयूष गोयल ने बताया कि करवा चौथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर महिलाओं को संदेश दिया गया कि परंपराओं का पालन करने के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है। व्रत के दौरान होने वाली किसी भी शारीरिक परेशानी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका गर्ग ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए बताया कि करवा चौथ के व्रत के दौरान अधिक शारीरिक परिश्रम करने से बचना चाहिए। शरीर में पानी की कमी, चक्कर आने या कमजोरी महसूस होने जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेना चाहिए। नियमित रूप से दवाइयां लेने वाली महिलाओं को अपनी दवाइयों की खुराक में बदलाव करने से पहले चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार हल्का प्राणायाम और ध्यान भी लाभकारी हो सकता है। विशिष्ट अतिथि एवं खानपान विशेषज्ञ डॉ. भावना गांधी ने सरगी और व्रत के दौरान खानपान संबंधी सुझाव देते हुए बताया कि सरगी में अनार, केला और सेब जैसे ताजे फल तथा बादाम, मखाना, किशमिश और खजूर जैसे सूखे मेवे शामिल किए जा सकते हैं। चाय और कॉफी जैसे कैफीनयुक्त पदार्थों का सेवन सीमित रखना चाहिए। इसके अतिरिक्त दही, छाछ और पनीर जैसे दूध से बने खाद्य पदार्थ भी संतुलित खानपान का हिस्सा हो सकते हैं।उन्होंने बताया कि व्रत खोलते समय पानी या नारियल पानी धीरे-धीरे पीना चाहिए तथा तुरंत अधिक मात्रा में तला-भुना और भारी भोजन करने से बचना चाहिए। महिलाओं को अपनी शारीरिक स्थिति के अनुसार खानपान और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतनी चाहिए।

निशुल्क जांच

इस अवसर पर ड्यूटी में अस्पताल द्वारा महिलाओं के लिए एक स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें 100 महिलाओं को निशुल्क शुगर बीपी एवंचिकित्सीय परामर्श दिया गया। डॉ. स्तुति गिरी गोस्वामी, वरिष्ठ फिजियोथैरेपिस्ट ने महिलाओं को करवा चौथ पर्व का महत्व बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहार पारिवारिक प्रेम, आपसी सद्भाव और परंपराओं को मजबूत करने का माध्यम हैं। त्योहारों के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर डॉ. स्तुति गिरी गोस्वामी, मुस्कान, महक, प्रियंका, पुष्पा, पूनम सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब के निदेशक आयुष गोयल एवं पीयूष गोयल ने कहा कि क्लब भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता, महिला स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास करता रहेगा।

TAGGED:
Share This Article