
इस्कॉन शास्त्रीनगर की ओर से राधा रानी के प्राकट्य उत्सव पर भक्तों की भीड़ उमड़ी। राधा रानी के लिए 51 किलो फूलों से फूल बंगला
मेरठ। छावनी रेस रोड स्थित काली पलटन बाबा औघड़नाथ स्थित राधा कृष्ण मंदिर और इस्कॉन शास्त्रीनगर समेत महानगर के तमाम मंदिरों में राधा अष्टमी का पर्व परंपरागत श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। गढ़ रोड स्थित श्री राधा गोविंद मंडप में हुए आयोजन में श्री राधा रानी के प्राकट्य उत्सव पर भक्तों की भीड़ उमड़ी। राधा रानी के लिए 51 किलो फूलों से फूल बंगला सजाया गया। इसके बाद श्री राधा-कृष्ण की युगल सरकार का पंचामृत और 108 कलशों से महाभिषेक किया गया। वृंदावन धाम से आई कीर्तन मंडली ने मृदंग और करताल की थाप पर भजन प्रस्तुत किए। भजनों के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु नृत्य करते नजर आए। युवाओं के लिए भक्ति रॉक बैंड के साथ हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन भी कराया गया। मुख्य वक्ता चारू गोविंद प्रभु ने राधा रानी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राधा रानी की कृपा मिलने से कृष्ण प्रेम की प्राप्ति आसान होती है। राधा नाम का स्मरण हृदय में प्रेम, करुणा और भक्ति का भाव बढ़ाता है। इस्कान से जुड़े व्यापारी नेता विपुल सिंहल ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में मंदिर काउंसिल कमेटी के नवीन गौर दास, सव्य साची दास, महाबहु अर्जुन दास और अंकेश अग्रवाल ने सहयोग किया।


