राहुल की मोदी सरकार गिरने की भविष्यवाणी

Shekhar Sharma
3 Min Read

बोले एक साल में जाएगी गिर, पूरी भाजपा राहुल पर हमलावर, अराजकता फैलाने का लगाया आरोप

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की मिटिंग में कहा है कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार एक साल में गिर जाएगी। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ते आर्थिक असंतोष और वैश्विक हालातों के कारण मोदी सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी। इस बयान पर बीजेपी नेताओं ने चौतरफा पलटवार किया है। राहुल गांधी शनिवार को कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की सलाहकार परिषद की एक बैठक में शामिल हुए थे। राहुल ने बैठक में कहा कि एक साल के अंदर केंद्र सरकार गिर जाएगी। पीएम मोदी की विदाई तय है।

देश में बढ़ता असंतोष

पार्टी की इस बैठक में सांसद राहुल गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक हालात और देश में बढ़ता आर्थिक असंतोष इसके बड़े कारण बनेंगे। जिस तरह परिस्थितियां बन रही हैं और लोगों में नाराजगी बढ़ रही है, उसका असर भारत की राजनीति पर दिखाई देगा। इस बैठक में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई सीनियर कांग्रेस लीडर मौजूद थे।

बहुमत से केवल बीस सीट ज्यादा

राहुल गांधी का केंद्र सरकार गिरने की भविष्यवाणी फिलहाल तो दावा है। लेकिन असल में लोकसभा में भाजपा के पास अकेले बहुमत नहीं है। केंद्र में भाजपा फिलहाल NDA के सहयोगी दलों के भरोसे सरकार चला रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सिर्फ 240 सीटें मिलीं थीं। जो बहुमत के आंकड़े 272 से 32 कम है। ऐसे में भाजपा को अन्य 13 पार्टियों से सपोर्ट लेना पड़ा। फिलहाल NDA का आंकड़ा 292 सीटों का है। यह बहुमत से 20 ज्यादा है।

राज्य सभा में भाजपा को नुकसान की आशंका

12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव होगा। चुनाव आयोग (EC) ने शुक्रवार को यह ऐलान किया। इस चुनाव में NDA को राज्यसभा की एक सीट गंवानी पड़ सकती है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष को तीन सीटों का फायदा होने की उम्मीद है। जिन कुल 26 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, उनमें से NDA के पास अभी 18 (आंध्र प्रदेश से 1, गुजरात से 4, कर्नाटक से 3, राजस्थान-मध्य प्रदेश से 2-2, झारखंड, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु से एक-एक सीटे हैं)। वहीं कांग्रेस गठबंधन के पास 5 सीटे हैं। वहीं तीन अन्य सीटें YSRCP के खाते में हैं। इन चुनावों में NDA को 17 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि कांग्रेस को पांच, JMM को दो और TVK को एक सीट मिलने की उम्मीद है। एक सीट मिजोरम में जोरम पीपल्स मूवमेंट जीत सकती है। YSRCP अपनी तीनों सीटें गंवा सकती है। 244 सदस्यों वाले उच्च सदन में NDA के पास अभी 149 सांसद हैं, जबकि विपक्ष के पास 78 और गैर-गठबंधन वाले क्षेत्रीय दलों के पास 17 सांसद हैं।

TAGGED:
Share This Article