संजीव तोमर के नेतृत्व में होगा बड़ा आंदोलन, आरक्षण की मांग को लेकर 15 नवंबर को मेरठ में जुटेगा जाट समाज
मेरठ। जाट आरक्षण की मांग को लेकर आगामी 15 नवंबर को मेरठ की क्रांतिकारी धरती पर एक बड़े आंदोलन का शंखनाद होने जा रहा है। जाट आरक्षण समिति मेरठ के जिलाध्यक्ष संजीव तोमर के आह्वान पर हजारों की संख्या में जाट समाज के लोग एकत्रित होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
युवाओं की बड़ी भागीदारी और संगठन का विस्तार
इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समिति के जिलाध्यक्ष संजीव तोमर के अनुसार, इस मुहिम में अब बड़ी संख्या में युवा भी जुड़ चुके हैं, जिससे आंदोलन को नई ऊर्जा मिली है। संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से संजीव तोमर ने जानकारी दी कि वह जल्द ही संगठन में संजय सांगवान को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपने जा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों की बढ़ी बेचैनी
उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने प्रस्तावित हैं। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले जाट आरक्षण की आवाज बुलंद होने से तमाम राजनीतिक दलों में बेचैनी नजर आने लगी है। संजीव तोमर ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले ही जाट समाज को उसका हक यानी आरक्षण मिलना चाहिए। 15 नवंबर को होने वाले इस महासम्मेलन और प्रदर्शन की अगुवाई स्वयं संजीव तोमर करेंगे।


