
21 किलो के भव्य केक ने बढ़ाई उत्सव की रौनक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पुरस्कार वितरण और मनोरंजक कार्यक्रमों
Meerut/ रहावती। उत्तम पब्लिक स्कूल, रहावती में 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। संपूर्ण विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, उमंग और खुशियों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों के लिए प्रस्तुत किया गया मनमोहक संस्कृत गीत गायन रहा। सभी शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मधुर प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का शानदार मंच संचालन नौशाला परवीन एवं पूजा गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने अपनी प्रभावशाली एवं आकर्षक प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए तथा बच्चों को बाल दिवस के महत्व से परिचित कराया। इस अवसर पर प्रिया सागर ने बच्चों को बाल दिवस के इतिहास, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के बच्चों के प्रति प्रेम तथा इस दिन के महत्व के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को जीवन में अनुशासन, मेहनत, संस्कार एवं शिक्षा का महत्व समझाते हुए अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ममता चौधरी जी ने बच्चों के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए पूरे विद्यालय परिवार के लिए 21 किलोग्राम का विशाल एवं आकर्षक केक कटवाया। केक कटिंग के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। यह पल पूरे कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
बच्चे देश का उज्ज्वल भविष्य
विद्यालय के प्रबंधक सी. एस. चौधरी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का उज्ज्वल भविष्य और समाज की सबसे अनमोल पूँजी हैं। उनके सपनों को सही दिशा देना, उन्हें अच्छी शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने, निरंतर मेहनत करने और अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान सभी कक्षा अध्यापिकाओं ने अपनी-अपनी कक्षाओं के विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार वितरित किए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय का वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस भव्य आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने में उपासना शर्मा, वर्षा शर्मा, निशि सैनी, ज्योति रस्तोगीअंजलि, पूनम सिरोही, कमलेश शर्मा, हिमांशु सर, अरविंद सर, सचिन सर, काजल शर्मा, प्रियांशी, अंजू तोमर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय एवं सक्रिय योगदान रहा। उत्तम पब्लिक स्कूल का यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच प्रेम, अपनत्व एवं आत्मीयता के सुंदर रिश्ते का प्रतीक बन गया।विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल, सुखद एवं सफल भविष्य की मंगलकामना की।


