मेडिकल में माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा वन हेल्थ वन एक्शन प्रिवेंट एएमआर नॉउ थीम पर आयोजन
मेरठ। विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह के समापन के अवसर पर एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ के माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा वन हेल्थ वन एक्शन प्रिवेंट एएमआर नॉउ थीम पर अंतर-विभागीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
उक्त कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह उपस्थित रहे। संगोष्ठी में माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अमित गर्ग ने प्रथम व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की बढ़ती वैश्विक चुनौती, इसके कारणों एवं रोकथाम के उपायों पर रोचक नैदानिक केस परिदृश्यों के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग एवं उचित प्रयोगशाला जांच के महत्व पर विशेष जोर दिया।
प्रभावी उपचार में एंटीबायोटिक
इसके बाद मेडिसिन विभाग के आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार ने एएमआर से संबंधित चिकित्सकीय चुनौतियों तथा संक्रमणों के प्रभावी उपचार में एंटीबायोटिक के तर्कसंगत उपयोग की भूमिका पर विचार रखे। अंतिम वक्ता के रूप में पीडियाट्रिक्स विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुपमा वर्मा ने बच्चों में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की चुनौतियों एवं इसकी रोकथाम में चिकित्सकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता, पीडियाट्रिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विजय जायसवाल तथा नेत्र रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. लोकेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। विभिन्न विभागों के संकाय सदस्यों एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। व्याख्यानों के उपरांत विषय पर सार्थक चर्चा हुई तथा संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से प्रश्न पूछकर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का आयोजन माइक्रोबायोलॉजी विभाग के डॉ. अमित गर्ग, आचार्य एवं विभागाध्यक्ष; डॉ. प्रेम प्रकाश मिश्रा, एसोसिएट प्रोफेसर तथा डॉ. कारवी अग्रवाल, असिस्टेंट प्रोफेसर द्वारा विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों एवं तकनीकी कर्मचारियों के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का समापन वैलेडिक्टरी सत्र एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। डॉ. अमित गर्ग ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पशु स्वास्थ्य एवं पर्यावरण से संबंध
उक्त संगोष्ठी में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस केवल मानव स्वास्थ्य तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि इसका संबंध पशु स्वास्थ्य एवं पर्यावरण से भी है। इसलिए इसके नियंत्रण के लिए वन हेल्थ वन एक्शन प्रिवेंट एएमआर नॉउ One Health Approach अपनाना तथा एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना आवश्यक है। कार्यक्रम ने वन हेल्थ वन एक्शन प्रिवेंट एएमआर नॉउ “One Health, One Action: Prevent AMR Now” का संदेश देते हुए एएमआर के विरुद्ध सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता को रेखांकित किया।


