विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश व राकेश टिकैत और चंद्रशेखर व ओबैसी की मुलाकात के निकाले जा रहे निहितार्थ
नई दिल्ली/लखनऊ/मेरठ। जाट आरक्षण का मुद्दा बदलेगा चुनावी समीकरण तमाम राजनीतिक दलों का अगले साल होने जा रहे यूपी विधानसभा के चुनाव से पहले उकना चुनावी समीकरण बदलकर रख देगा। जाटों ने नारा दिया है कि जो आरक्षण के साथ जाट उसी के साथ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश (वेस्ट यूपी) की राजनीति में दो बड़ी घटनाओं ने सियासी हलचल तेज कर दी है। एक तरफ लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत की मुलाकात ने नए राजनीतिक संकेत दिए हैं। दूसरी तरफ, मेरठ से अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष और युवा जाट नेता संजीव तोमर के नेतृत्व में केंद्र की ओबीसी सूची में जाट आरक्षण की मांग को लेकर पूरे वेस्ट यूपी में रैलियां और महापंचायतें तेज हो गई हैं।
अखिलेश व राकेश टिकैत की मुलाकात के मायने
एक तरफ जाट आरक्षण का पूरी तरह से गरमाया हुआ मुद्दा और दूसरी ओर 11 नवंबर 2026 को लखनऊ में हुई इस बैठक में दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश के किसानों की समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की। खबर के अनुसार, अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि सत्ता में आने पर गन्ने का भुगतान ‘सेम-डे’ (मिल में गन्ना डालने के दिन ही) किया जाएगा और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों का समाधान होगा। इसके अलावा मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने अपने ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को विस्तार देते हुए कहा कि “जो पीड़ित, वो PDA” और इसमें ‘A’ का अर्थ ‘अन्नदाता’ भी है। इस मुलाकात को वेस्ट यूपी में असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद (आजाद समाज पार्टी) के संभावित गठबंधन की काट और किसान मतदाताओं को साधने की सपा की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। किसानों की समस्याओं को जाट आरक्षण के मुद्दे से अलग रखकर नहीं देखा जा सकता है यह भी सच है और इस सच को जो राजनीतिक दल स्वीकार करने में देरी करेगा उसको उतना ही चुनावी नुकसान अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव में होना तय समझा जा रहा है।
जाट आरक्षण आंदोलन ने पकड़ी रफ्तार
किसान और सामाजिक नेता संजीव तोमर के नेतृत्व में जाट समुदाय को केंद्रीय ओबीसी सूची में आरक्षण दिलाने की मुहिम तेज हो गई है। “हक नहीं हमारा अधिकार” का नारा सोशल मीडिया और क्षेत्रीय अभियानों में संजीव तोमर ‘हक नहीं हमारा अधिकार, लेकर रहेंगे जाट आरक्षण’ और ‘जो देगा आरक्षण, उसी को देंगे वोट’ के नारे के साथ वेस्ट यूपी के जिलों में जाट युवाओं और समाज को एकजुट कर रहे हैं।
रालोद पर साइड इफैक्ट
जाट आरक्षण का मुद्दा जाटों के बूते राजनीति करने वाले रालोद पर सबसे ज्यादा पड़ सकता है। भाजपा के साथ गठबंधन में शामिल रालोद प्रमुख जयंत चौधरी के सामने 2027 के चुनाव में अपनी पारंपरिक जमीन बचाने की बड़ी चुनौती है, इस बीच जाट आरक्षण का मुद्दा गरमाने के बाद रालोद पर चुनावी साइड इफैक्ट ना पड़े ऐसा लगता नहीं है। चुनावी राजनीति की यदि बात की जाए तो रालोद अब पुराने जाट-मुस्लिम समीकरण के बजाय जाट-ब्राह्मण-त्यागी सामाजिक समीकरण बनाने की कोशिश कर रही है। लेकिन केंद्र में एनडीए का हिस्सा होने के कारण, यदि संजीव तोमर के नेतृत्व में केंद्रीय जाट आरक्षण का मुद्दा चुनाव से पहले और गरमाता है, तो जाट युवाओं की नाराजगी रालोद और भाजपा के लिए सीधा दबाव पैदा कर सकती है। भाजपा पर साइड इफैक्ट की यदि बात की जाए तो केंद्र और राज्य दोनों जगह सत्ता में होने के कारण जाट आरक्षण की मांग का सीधा निशाना भाजपा सरकार पर है। आरक्षण की मांग पर असंतोष बढ़ने से वेस्ट यूपी की लगभग 40 से 50 जाट प्रभाव वाली सीटों पर भाजपा-रालोद गठबंधन के समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। इसके साथ ही संजीव तोमर व इस आंदोलन से जुड़े तमाम जाट नेताओं का कद बढ़ना तय माना जा रहा है।
आरक्षण अखिलेश के लिए मौका
सपा इस पूरे घटनाक्रम को अपने लिए अवसर के रूप में देख रही है। राकेश टिकैत से मुलाकात और ‘PDA में अन्नदाता’ के नारे के जरिए अखिलेश यादव किसान और जाट वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं। यदि जाट मतदाताओं का एक वर्ग आरक्षण और किसान मुद्दों पर सत्ता पक्ष से नाराज होता है, तो सपा को इसका सीधा लाभ मिल सकता है। वेस्ट यूपी में चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी के गठबंधन की सक्रियता के बीच, आरक्षण का मुद्दा गरमाने के बाद यदि जाट और किसान वोट बिखरता है, तो कई सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना बन सकती है।इसका नुकसान भाजपा व रालोद को होने की आशंका को खारिज नहीं किया जा सकता। 9संजीव तोमर की रैलियों से जाट युवाओं का लामबंद होना और राकेश टिकैत की अखिलेश यादव से नजदीकी वेस्ट यूपी की सियासत को नए मोड़ पर ले जा रही है। आने वाले महीनों में केंद्र सरकार जाट आरक्षण पर क्या रुख अपनाती है और जयंत चौधरी अपने कोर वोट बैंक को कैसे संभालते हैं, यह 2027 के विधानसभा चुनाव की दिशा तय करने में निर्णायक साबित होगा।


