कसेरूखेड़ा में होगा 80 फुट ऊंचे रावण का दहन

Shekhar Sharma
3 Min Read

दशहरा मेले का भूमि पूजन, रंग-बिरंगी आतिशबाजी में होगी रामलीला

मेरठ। मवाना रोड स्थित कसेरूखेड़ा के दशहरा मेला स्थल पर श्री रामलीला दशहरा कमेटी की ओर से भूमि पूजन के साथ ही दशहरा मेले की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंडित राजकुमार शर्मा ने कमेटी के सदस्यों से भूमि पूजन संपन्न कराया। इस दौरान कांग्रेस नेता रंजन शर्मा, सुमित शर्मा और विकास उपाध्याय मुख्य यजमान के रूप में शामिल रहे। रामलीला दशहरा कमेटी के अध्यक्ष विनोद सोनकर ने बताया कि दशहरे के अवसर पर मेला स्थल पर भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक और संबंधित विभागों की अनुमति के अनुसार मेले की तैयारियां की जा रही हैं। मेले में रावण दहन मुख्य आकर्षण रहेगा। कमेटी के महामंत्री शक्ति राज सिंह ने बताया कि इस बार करीब 80 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण का चेहरा आकर्षक और रोबदार होगा। उसकी लाल दहकती आंखें और चारों दिशाओं में घूमने वाला सिर दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही रंग-बिरंगी आतिशबाजी की प्रस्तुति होगी। मेले में भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन भी किया जाएगा, जिससे दर्शकों को रामलीला के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश मिलेगा। भूमि पूजन के साथ ही मेला स्थल पर लाइटिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का काम शुरू कर दिया गया है। दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें लगाने के लिए स्थान चिह्नित करने शुरू कर दिए हैं। कमेटी की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने की भी तैयारी है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि मेले को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये रहे मौजूद

भूमि पूजन के अवसर पर कमेटी के संरक्षक ज्ञान दीक्षित, महामंत्री शक्ति राज सिंह, पुष्पेंद्र शर्मा, रीना शर्मा, लोकेश गुर्जर ,अशोक चौधरी ,नंदकिशोर मीणा, कन्हैया लाल, आनंद कोरी, कुणाल दीक्षित, मनीष गुप्ता, जयप्रकाश, राकेश, अरुण कुमार ,नितिन वर्मा, अनुराग समी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

TAGGED:
Share This Article