बाजारों में तेजी से लग रहे काले झंड़े

Shekhar Sharma
4 Min Read

सुप्रीमकोर्ट के ध्वस्तीकरण आदेशों विरोध, बोले प्राधिकरण जब नहीं था तब से हैं उनके मकान दुकान

मेरठ। संयुक्त व्यापार संघ निर्वाचन की अपील पर शहर के बाजारों में तेजी से काले झंड़े लगाए जा रहे हैं। सुप्रीमकोर्ट के ध्वस्तीकरण के आदेशों का विरोध कर रहे व्यापारियों का तर्क है कि उनके मकान और दुकान तब से हैं जब मेरठ विकास प्राधिकरण का कोई वजूद तक नहीं था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में इन्दिरा गांधी चौक स्थित दुकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में इन्दिरा गांधी चौक व्यापार संघ द्वारा आज शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया गया। व्यापार संघ के आह्वान पर इन्दिरा गांधी चौक की सभी दुकानों पर काले झंडे लगाकर व्यापारियों ने अपना विरोध एवं रोष प्रकट किया।
यह आंदोलन व्यापार संघ मेरठ के अध्यक्ष वीन गुप्ता के आह्वान पर हो रहा है। इन्दिरा गांधी चौक व्यापार संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने बड़ी संख्या में इसमें सहभागिता करते हुए दुकानों पर काले झंडे लगाए । व्यापारियों का कहना है कि इन्दिरा गांधी चौक क्षेत्र में अनेक व्यापारी वर्षों से अपनी दुकानों के माध्यम से व्यापार कर अपने परिवारों का पालन- कर रहे हैं। दुकानों के ध्वस्तीकरण से न केवल व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होगा, बल्कि उनके सामने रोजगार एवं आजीविका का गंभीर संकट भी उत्पन्न हो जाएगा।
इन्दिरा गांधी चौक व्यापार संघ ने कहा कि व्यापारी न्यायपालिका एवं कानून का पूर्ण सम्मान करते हैं, लेकिन प्रभावित व्यापारियों की आजीविका एवं भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार एवं प्रशासन से मानवीय एवं व्यावहारिक समाधान की अपेक्षा करते हैं।

जलते घर को देखने वालों फूंस का छप्पर आपका है

सेंट्रल मार्केट और शास्त्रीनगर के लोगों का कहना है कि जब हमारे साथ खड़े होने का वक्त था उस वक्त ना तो व्यापार संघ और ना ही मेरठ के दूसरे बाजारों के व्यापार संघों ने उनका साथ दिया। बल्कि उनके बंद को सफल करने के लिए बाकायदा अपीलें की गयीं। उन्होंने कहा कि

जलते देखने वालों फूंस का छप्पर आपका है, पीछे-पीछे तेज हवा है आगे मुकद्दर आपका है, उसके कत्ल पर मैं भी चुप था मेरा नंबर अब आया, मेरे कत्ल पर आप भी चुप हो अगला नंबर आप का है..

व्यापारियों की मांग

इंद्रा चौक समेत शहर भर के व्यापारी खुलकर सुप्रीमकोर्ट के ध्वस्तीकरण आदेशों की मुखाल्फत कर रहे हैं। उनका कहना है कि व्यापारियों की बात सुनी जाए तथा उनके लिए उचित पुनर्वास एवं वैकल्पिक व्यापारिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। व्यापार संघ ने प्रशासन एवं सरकार से अपील की है कि इस गंभीर विषय पर व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाए, ताकि वर्षों से व्यापार कर रहे दुकानदारों एवं उनके परिवारों को उजड़ने से बचाया जा सके। व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों का विरोध पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है तथा आगे की रणनीति व्यापारियों के साथ विचार-विमर्श कर तय की जाएगी।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और संजीव रस्तौगी के अलावा मनोज गुप्ता भगवती सेफ एंड फर्नीचर्स (संरक्षक), मौ. अरशद हिन्द मैडिकल स्टोर (संयुक्त सचिव), भारत त्यागी महासचिव, मौ. अमन अमन मैडिकल स्टोर (संयुक्त सचिव) इन्दिरा गांधी चौक व्यापार संघ भी मौजूद रहे।

Share This Article