

ऋषभ सचिव डा. संजय जैन, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंहल आदि कई का रामलीला कमेटी ने किया स्वागत
मेरठ। श्रीराम लीला कमेटी छावनी की ओर से सदर क्षेत्र में भगवान श्रीराम जी की भव्य शोभयात्रा निकाली गयी। इस मौके पर शहर की कई बड़ी हस्तियों का श्रीराम लीला कमेटी की ओर से स्वागत किया गया। इनमें ऋषभ एकाडेमी के सचिव डा. संजय जैन और महानगर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश सिंहल के अलावा पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, भाजपा नेता अमित मूर्ति, अनिल जैन भी मौजूद रहे। श्रीराम लीला कमेटी छावनी के गणेश अग्रवाल ने सभी का स्वागत किया। वहीं दूसरी ओर मेरठ के ऐतिहासिक सदर और कैंट क्षेत्र में श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा (श्रीराम बारात) अत्यंत वैभवशाली ढंग से निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, मनमोहक लाइटों, विभिन्न शहरों से आए प्रसिद्ध बैंड-बाजों की मधुर धुनों और दर्जनों आकर्षक झांकियों के साथ निकली इस शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथियों और कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों का पूजन, आरती और तिलक लगाकर किया गया।
दर्जनों झांकियां
इस बार शोभायात्रा में दर्जनों से अधिक धार्मिक झांकियां शामिल की गईं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। रथ पर सवार भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के मनमोहक स्वरूप रहे। इसके अलावा मां काली का जीवंत रूप, हनुमान जी द्वारा पर्वत उठाने की झांकी और बाल कृष्ण की लीलाओं की भी झांकियां शामिल रहीं। शोभायात्रा सदर बाजार के प्रमुख चौराहों, बाजारों और रिहायशी कॉलोनियों से होकर गुजरी। पूरे मार्ग में सांप्रदायिक सौहार्द और अटूट श्रद्धा का अनूठा नजारा देखने को मिला। स्थानीय व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रीय निवासियों द्वारा मार्ग में अनेक स्थानों पर स्वागत मंच स्थापित किए गए थे। प्रभु श्रीराम के रथ के पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और पुष्पों की भारी वर्षा कर बारात का स्वागत किया।
श्रीराम लीला मैदान पर समापन
रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के बीच झूमते-नाचते श्रद्धालुओं के साथ यह शोभायात्रा देर रात निर्धारित रूट से होते हुए वापस रामलीला मंचन स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। कमेटी के पदाधिकारी व भाजपा के बड़े नेता गणेश अग्रवाल ने शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और भव्य ढंग से सफल बनाने के लिए सभी क्षेत्रवासियों, पुलिस-प्रशासन और सेवादारों का आभार व्यक्त किया।


