स्वाद के शौकीनों के बजाए आ रही चंदनगोह

Shekhar Sharma
7 Min Read

गंगानगर में जहां बनाया जाना था चांट बाजार वहां बसा दिया है अफसरों ने जंगल

मेरठ। जनता की गाढ़ी कमाई और टैक्स के पैसे को किस तरह सरकारी लापरवाही की भेंट चढ़ाया जाता है, इसकी एक जीती-जागती और भयावह तस्वीर मेरठ के गंगानगर इलाके में देखने को मिल रही है। मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) द्वारा करोड़ों रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार किया गया ‘चांट बाजार’ (पेडेस्ट्रियन फ्रेंडली मार्केट) आज पूरी तरह बर्बादी के कगार पर पहुंच चुका है। जिस जगह को कभी शहरवासियों के स्वाद और सैर-सपाटे का केंद्र बनना था, वह आज खूंखार और जहरीले जानवरों का वीरान जंगल बन चुकी है। यहां चांट पकौड़ी के ठेले लगवाए जाने थे, लेकिन जिन अफसरों ने यह बीड़ा उठाया था लगता है कि उनका उनका मकसद केवल ठेके से मिलने वाली कमिशन को हासिल करना तक महफूज था। गंगानगर में मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) और नगर निगम की लापरवाही के कारण करोड़ों रुपये की लागत से बना ‘चांट बाजार’ अब एक बड़े आंदोलन का केंद्र बनने जा रहा है। इस गंभीर जनहित के मुद्दे को लेकर प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता विपुल सिंहल ने पुरजोर तरीके से आवाज उठाई है। उन्होंने इस बर्बादी को सीधे तौर पर जनता के टैक्स के पैसे की खुली डकैती करार देते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और चुप्पी साधे बैठे जनप्रतिनिधियों को कटघरे में खड़ा किया है।

अफसरों के खेल में उलझा प्रोजेक्ट

सरकारी विभागों की आपसी खींचतान और सुस्ती का खामियाजा हमेशा आम जनता को भुगतना पड़ता है। एमडीए ने करोड़ों रुपये खर्च कर इस महत्वाकांक्षी स्थल का ढांचा तो खड़ा कर दिया, लेकिन इसके आगे के विकास और संचालन की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंप दी गई। नियम के मुताबिक, दोनों विभागों को मिलकर इस जगह की रूपरेखा बदलकर इसे गुलजार करना था। परंतु, धरातल पर सच इसके बिल्कुल उलट है। दोनों ही बड़ी संस्थाएं मिलकर भी इस प्रोजेक्ट को धरातल पर नहीं उतार सकीं और यह पूरा स्थल फाइलों के खेल में उलझकर रह गया।

स्वाद के शौकीनों की जगह ‘चंदन गोह’ का कब्जा

जिस स्थान का प्रस्ताव इसलिए पास हुआ था ताकि शाम के वक्त मेरठ के लोग अपने परिवारों के साथ आकर चांट-पकौड़ी का लुत्फ उठा सकें, वहां आज कदम रखना भी मौत को दावत देने जैसा है। रख-रखाव के अभाव में पूरा परिसर घने और डरावने जंगल में तब्दील हो चुका है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, झाड़ियों और मलबे के बीच चंदन गोह (मॉनिटर लिजार्ड) जैसे बेहद जहरीले और जानलेवा जीव खुलेआम घूमते रहते हैं। जहां बच्चों की किलकारियां गूंजनी थीं, वहां अब इन खूंखार रेंगने वाले जीवों की फुसकार सुनाई देती है।

अफसरों ने साधी चुप्पी

हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट की बर्बादी पर अब एमडीए और नगर निगम का कोई भी अधिकारी मुंह खोलने को तैयार नहीं है। विभागीय बैठकों और चर्चाओं से ‘चांट बाजार’ का जिक्र जैसे पूरी तरह गायब ही हो चुका है। करोड़ों के पत्थर, टाइल्स और इंफ्रास्ट्रक्चर खुले आसमान के नीचे टूट-फूट कर जमींदोज हो रहे हैं, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी को इसकी सुध लेने या जनता के पैसे का हिसाब देने की फुर्सत नहीं है।

जनप्रतिनिधियों की बेरुखी पर नाराजगी

इस पूरे मामले में प्रशासनिक लापरवाही से भी ज्यादा हैरान करने वाली भूमिका क्षेत्र के माननीय सांसदों और विधायकों की है। स्थानीय जनता का आरोप है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले इन नेताओं के पास इतना समय भी नहीं है कि वे जनता के बीच आकर इस बर्बादी को देखें। अधिकारियों से ‘नजर से नजर मिलाकर’ यह तीखा सवाल पूछने की जहमत किसी भी जनप्रतिनिधि ने नहीं उठाई कि आखिर जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये को इस तरह जंगल में क्यों झोंक दिया गया? यह सरकारी उदासीनता और राजनीतिक बेरुखी का एक ऐसा घालमेल है जिसने मेरठ के विकास के एक बेहतरीन अवसर को मलबे और जहर के ढेर में तब्दील कर दिया है। अब देखना यह है कि इस समाचार के बाद सोए हुए महकमे जागते हैं या फिर यह जगह हमेशा के लिए जहरीले जानवरों की ही जागीर बनी रहेगी।

विपुल सिंहल कहिन

अफसरों और नेताओं की साठगांठ का नतीजा: विपुल सिंहलविपुल सिंहल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि जहां गंगानगर और मेरठ के लोगों के लिए एक सुंदर पर्यटन और स्वाद का केंद्र विकसित होना था, वहां आज एमडीए और नगर निगम की नाकामी के कारण जहरीले ‘चंदन गोह’ और खतरनाक जानवर घूम रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अफसरों की लापरवाही और क्षेत्र के सांसद-विधायकों की रहस्यमयी चुप्पी इस बात का सबूत है कि जनता की समस्याओं से किसी को कोई सरोकार नहीं है। नेता सिर्फ चुनाव में वोट मांगने आते हैं और अफसर फाइलों में करोड़ों का बजट ठिकाने लगाकर बैठ जाते हैं।

“जवाब दें अफसर कि जनता की गाढ़ी कमाई क्यों फूंक दी?”

सामाजिक कार्यकर्ता ने सवाल उठाया कि जब इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की क्षमता या मंशा नहीं थी, तो जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये यहां बुनियादी ढांचे पर क्यों बहाए गए? आज वहां उगे जंगल और टूटती टाइल्स को देखकर किसी भी टैक्सपेयर का खून खौल उठेगा। सिंहल ने कहा कि अधिकारी अब इस विषय पर बात करने से भी कतरा रहे हैं, जिससे साफ है कि इस ठप पड़े प्रोजेक्ट के पीछे कोई बड़ा प्रशासनिक घालमेल है। उन्होंने चेतावनी दी है कि वे इस मामले में सूचना के अधिकार (RTI) के तहत दोनों विभागों से पाई-पाई का हिसाब मांगेंगे। अगर जल्द ही इस जगह को साफ कर चांट बाजार को चालू करने या जनहित में इसका सदुपयोग करने की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे गंगानगर की जनता को साथ लेकर एमडीए और नगर निगम के खिलाफ एक बड़ा जनांदोलन और धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।

TAGGED:
Share This Article