छावनी इलाके के लोगों की मुराद हुई पूरी

Shekhar Sharma
2 Min Read

कैंट अस्पताल में खुला जन औषधि केंद्र, राज्यसभा सदस्य डा. वाजपेई ने किया उद्घाटन

मेरठ। छावनी इलाके के लोगों की अरसे से चली आ रही मुराद को राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने पूरा करा दिया है। छावनी लोगों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैंट जनरल अस्पताल में ‘प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र’ की शुरुआत की गई है। राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने इस केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर सीईओ कैंट जाकिर हुसैन व बोर्ड के ओएस जयपाल तोमर व डा. असीम रस्तौगी व भाजपा के तमाम कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कैंट में रहने वालों ने यह सुविधा शुरू होने पर डा. वाजपेयी का आभार जताया है। पूर्व में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के सहयोग से कैंट क्षेत्र में स्वास्थ्य जांच शिविर (मेडिकल कैंप) आयोजित किए गए थे। इन शिविरों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपना चेकअप कराने पहुंचे थे। उस दौरान नागरिकों ने कैंट बोर्ड के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने यह समस्या रखी थी कि शिविर में जांच तो निःशुल्क हो जाती है, लेकिन डॉक्टरों द्वारा लिखी गई दवाएं बाहर मेडिकल स्टोर से काफी महंगी दरों पर खरीदनी पड़ती हैं। लोगों के इसी सुझाव और जरूरत को देखते हुए अस्पताल परिसर में ही जन औषधि केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया।

सभी के लिए उपलब्ध होंगी जेनेरिक दवाएं
इस केंद्र के खुलने से छावनी क्षेत्र के लोगों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। यहां आम नागरिक किसी भी सरकारी या निजी डॉक्टर के पर्चे पर लिखी गई जेनेरिक दवाएं बाजार की तुलना में बेहद कम कीमत पर प्राप्त कर सकेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने इस जनहितकारी पहल में अपना पूर्ण सहयोग दिया। इस अवसर पर अस्पताल के डॉ. असीम रस्तोगी सहित चिकित्सा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Share This Article