जल की जगह सीवर मिश्रित ‘अमृत’ पिला रहा निगम

Shekhar Sharma
4 Min Read

चुनावी नेताओं को फुर्सत नहीं, और निगम को ‘सीवर जल’ पिलाने से परहेज नहीं!

मेरठ। स्मार्ट सिटी के बड़े-बड़े दावों और स्वच्छता के पोस्टरों के बीच नगर निगम की कार्यप्रणाली का एक अनोखा और ‘स्वास्थ्यवर्धक’ नमूना वार्ड 69 के डालमपाड़ा इलाके में देखने को मिल रहा है। यहां के निवासी पिछले एक महीने से भी अधिक समय से अपनी प्यास बुझाने के लिए गंगनहर के निर्मल जल की जगह सीवर मिश्रित ‘अमृत’ पीने को मजबूर हैं। जब निगम के दफ्तरों में फाइलें रेंगती रहीं और साहबों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी, तो परेशान जनता सीधे नगर आयुक्त सौरभ गंगवार के आवास पर अपनी ‘मदद’ की गुहार लगाने जा पहुंची। हालांकि, वहां भी जनता को साहब के दर्शन के बजाय नगर निगम दफ्तर जाने का ‘शाही फरमान’ थमा दिया गया। स्वच्छता के बड़े-बड़े होर्डिंग्स और ‘स्मार्ट सिटी’ के खोखले दावों के बीच मेरठ नगर निगम की संवेदनहीनता का सबसे घिनौना चेहरा वार्ड 69 के डालमपाड़ा इलाके में बेनकाब हुआ है। यहां के बाशिंदों को पिछले एक महीने से प्यास बुझाने के लिए शुद्ध जल की जगह सीवर मिला ‘जहर’ परोसा जा रहा है। निगम के दफ्तरों में चक्कर काट-काटकर जब चप्पलें घिस गईं और बेशर्म तंत्र के कान पर जूं तक नहीं रेंगी, तो त्रस्त जनता सीधे नगर आयुक्त सौरभ गंगवार के आवास पर अपनी फरियाद लेकर जा पहुंची। लेकिन वहां भी संवेदनशीलता दिखाने के बजाय, पीड़ितों को नगर निगम दफ्तर जाने का टका सा जवाब देकर टरका दिया गया।

‘काले पानी’ के लाइव वीडियो

संयुक्त व्यापार संघ के मंत्री व भाजपा के युवा नेता अंकुर गोयल खंदक ने नगर निगम की इस कुंभकर्णी नींद की पोल खोलते हुए बताया कि क्षेत्र में गंगनहर और सरकारी समरसेबल के जरिए जो पानी घरों तक पहुंच रहा है, उसमें सीधे सीवर की गंदगी मिल रही है। जनता ने सोचा कि शायद सबूत देखकर अधिकारियों का दिल पसीज जाए, इसलिए जेई सूरज प्रजापति से लेकर नगर आयुक्त तक को व्हाट्सएप पर इस ‘काले पानी’ के लाइव वीडियो भेजे गए। डिजिटल इंडिया का सहारा लेते हुए सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन लगता है कि निगम के अधिकारियों ने इन शिकायतों को ‘सीन’ करके ‘इग्नोर’ करने की कसम खा रखी है। एक महीना बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। निगम की इस लापरवाही का खामियाजा अब आम जनता को अपनी सेहत और जेब से चुकाना पड़ रहा है। इलाके के कई घरों में लोग पेट के संक्रमण और अन्य जलजनित बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं। बुनियादी सुविधाओं के नाम पर टैक्स वसूलने वाला तंत्र जब शुद्ध पानी तक मुहैया नहीं करा पा रहा, तो लोगों का गुस्सा फूटना लाजमी है।

नेता अफसर बेखबर अब सीएम योगी से आस

जनप्रतिनिधियों के रवैये पर कड़ा कटाक्ष करते हुए क्षेत्रवासियों ने कहा कि नेताओं को इतनी फुर्सत कहां कि वे जनता की गली में आकर देखें कि लोग क्या पी रहे हैं और कैसे जी रहे हैं। ये माननीय तो केवल चुनावी मौसम में ही वोट मांगने के लिए प्रकट होते हैं। नेता तो केवल चुनाव के वक्त वोटों की भीख मांगने के लिए ही बिलों से बाहर निकलते हैं। नगर आयुक्त के आवास से खाली हाथ लौटे गुस्साए लोगों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। निवासियों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि अब वे डीएम आवास का घेराव करेंगे और यदि जिले के आला अधिकारियों की नींद वहां भी नहीं खुली, तो वे सीवर के पानी की बोतलें लेकर सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ तक कूच करेंगे।

TAGGED:
Share This Article