
आबूलेन व्यापार संघ ने कैंट बोर्ड के और पीवीवीएनएल अफसराें के सहयोग से कार्य कराया शुरू
मेरठ। मानसून से सक्रिय होने से पहले ही आबूलेन व्यापार संघ ने प्रयास कर बिजली की खंबों व तारों को बदलवाने तथा बाजार के नाले नालियों व सीवर की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए तमाम व्यापारियों ने व्यापार संघ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।
लंबे समय से था इंतजार
जो कार्य कराए जा रहे हैं इनका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था, लेकिन काम शुरू कराए जाने के बाद व्यापारियों ने तथा इस इलाके के वाशिंदों ने भी राहत की सांस ली है। आबूलेन बाजार में लंबे समय से लंबित बिजली के जर्जर तारों एवं खंभों को बदलने का कार्य शुरू हो गया है। इसके साथ ही बरसात से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बंद नालियों को खुलवाने और नालों की सफाई का अभियान भी चलाया जा रहा है। आबूलेन व्यापार संघ के अध्यक्ष आकाश खन्ना और महामंत्री सरदार राजबीर सिंह ने बताया कि बिजली व्यवस्था से जुड़े ये कार्य काफी समय से प्रस्तावित थे, लेकिन आवश्यक शटडाउन स्वीकृत न मिलने के कारण शुरू नहीं हो पा रहे थे। लगातार प्रयासों के बाद अब विभाग ने काम शुरू करा दिया है, जिससे बाजार की विद्युत व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगी।
कैंट बोर्ड का जताया आभार
व्यापार संघ ने नालों की सफाई और जल निकासी सुधार के लिए कैंट बोर्ड का आभार व्यक्त किया है। संघ पदाधिकारियों के अनुसार बाजार में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गणपति कॉम्प्लेक्स से होटल नवीन तक नई नाली निर्माण का प्रस्ताव भी विभाग को भेजा जा चुका है। उम्मीद है कि आवश्यक स्वीकृतियों के बाद यह कार्य भी शीघ्र शुरू होगा, जिससे बाजार की जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूती मिलेगी। व्यापार संघ ने इन कार्यों को गति दिलाने में मंत्री संजय मुंजाल के योगदान की भी सराहना की।


