
मेला नौचंदी में इस बार अनेक कारणों से दुकानदारों को हुआ है भारी नुकसान, नुकसान की भरपाई के लिए बढाएं समाप्ति की तिथि
मेरठ। मेला नौचंदी व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल व महामंत्री अंकुर गोयल खंदक ने जिलाधिकारी से मेला नौचंदी की समाप्ति की तिथि बढ़ाए जाने की मांग की है ताकि मेले के दुकानदार जो नुकसान उन्हें हुआ है उसकी कुछ भरपाई कर सकें। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि उत्तर भारत के इस प्रसिद्ध मेला नौचंदी की हमेशा से समाप्ति की तिथि बढ़ाए जाने की परंपरा रही है।
भारी नुकसान है दुकानदारों का
ललित अग्रवाल और अंकुर गोयल खंदक ने जिलाधिकारी को प्रेषित पत्र में कहा है कि इस साल आंधी एवं तूफान जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण अधिकांश दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था और उनकी लागत एवं खर्चे पूरे नहीं हो पाये थे। इस वर्ष भी मेले के प्रारम्भिक दिनों में अपेक्षित संख्या में दर्शक एवं ग्राहक नहीं आये, जिसके कारण दुकानदारों की बिक्री प्रभावित रही। पिछले लगभग एक सप्ताह से ही मेले में अच्छी संख्या में जनता आनी शुरू हुई है और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आयी है।
दुकानदारों ने मेले में दुकान लगाने, सजावट, बिजली, कर्मचारियों तथा अन्य व्यवस्थाओं पर भारी खर्च किया है, परन्तु अभी तक अधिकांश दुकानदार अपनी लागत भी पूरा नहीं कर पाये है। यदि मेले की अवधि 8 दिन और बढ़ाकर 21 जून तक कर दी जाये तो दुकानदारों को अपने खर्चे निकालने तथा कुछ लाभ अर्जित करने का अवसर मिल सकेगा।
इन्होंने किए हस्ताक्षर
डीएम को दिए गए पत्र पर ललित अग्रवाल व अंकुर गोयल के अलावा कय्यूम सैफी, पीयूष कश्यप, संजय गोयल, शब्बन, शेवी शर्मा, सचिन सिरोही समेत बड़ी संख्या में मेला नौचंदी के दुकानदारों ने हस्ताक्षर किए हैं। सभी ने डीएम से मेला समाप्ति की तिथि बढ़ाए जाने की मांग की है।


