निगम ठेकेदार बना है सीएम ग्रिड कामों में बड़ी बाधा

Shekhar Sharma
4 Min Read

निर्धारित समय से देरी से हो रहे कामों की वजह से इस साल बारिश में शहरवासियों को उठानी होगी भारी मुसीबत

मेरठ। सीएम ग्रिड योजना के तहत बनायी जा रही सड़कों के काम में देरी के चलते बारिश में शहर का टापू में तब्दील होना तय माना जा रहा है। यह वाकई में ऐसा होता है तो इसके लिए सिर्फ और सिर्फ नगर निगम की ओर से जो ठेकेदार सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़कों का काम करा रहा है वहीं जिम्मेदार होगा। सीएम ग्रिड योजना के तहत गांधी आश्रम चौराहे से तेजगढ़ी चौराहा,रंगोली मंडप रोड,कमिश्नरी आवास चौराहा से सर्किट हाउस रोड, वेस्टर्न कहचरी रोड, शारदा रोड, टीपीनगर रोड, सर्किट हाउस से मोहनपुरी पुलिया होते हुए गांधी आश्रम तक और गोल मंदिर से भोलेश्वर मंदिर होते हुए पीवीएस रोड तक चल रहे हैं और इन कामों में ठेकेदार द्वारा की जा रही लेट लतीफी लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई हे।

काम की रफ्तार बेहद धीमी

सीएम ग्रिड योजना के तहत महानगर में जितने भी कार्य चल रहे हैं मसलन नालों व सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है वो सभी कार्य निर्धारित समय से काफी देरी से चल रहे हैं। बारिश का मौसम मुंह बाए खड़ा है। ऐसे में सीएम ग्रिड योजना के आधे अधूरे कार्य ना केवल नगर निगम अफसरों बल्कि महानगर की पब्लिक के लिए भी मुसीबत साबित होने वाले हैं महानगर के जिन इलाकों में सीएम ग्रिड के काम चल रहे हैं वहां बारिसा का मौसम इस साल बेहद भारी गुजरेगा यह बात तय है और अधिकारी समझ भी रहे हैं। इसीलिए बार-बार ठेकेदार को समय से काम निपटाने की हिदायत भी निगम अफसर दे रहे हैं।

निगम ने 175 करोड़ मांग

नगर निगम शहर के लोगों को काफी कुछ देने जा रहा है। नगरायुक्त ने इसके लिए शासन से 175 करोड़ मांगे हैं। सीएम योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट माने जाने वाली योजना सीएम ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम तहत फेज- चार में सात सड़कों को प्रस्तावित किया गया है। इस कार्य के लिए ही प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजकर 175 करोड़ मांगे गए हैं। नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि शहर में सभी सड़कों को मिलाकर अब योजना की कुल 19 सड़कें हो गई हैं। इनमें से आठ सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है। चार सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। 565 करोड़ से कुल 19 सड़कों का कायाकल्प होना है। जिन सड़कों को नए सिरे से बनाया जाना है उनमें तेजगढ़ी चौराहे से मेडिकल कालेज के गेट संख्या तीन तक, मेडिकल कालेज के गेट तीन से आवास विकास जागृति विहार गेट तक, ईव्ज चौराहे से वाया शंकर आश्रम अंबेकर चौराहा, गंगानगर डिवाइडर रोड आइआइएमटी, इंदिरा गांधी चौक से बुढ़ाना गेट खैरनगर चौराहा होते हुए बच्चा पार्क, कंकरखेड़ा शिव चौक से खिरवा बाइपास तक तथा इसके अलावा कीर्ति पैलेस मार्ग का चौड़ीकरण का भी प्रस्ताव बना कर भेजा गया है।

ताकि मेरठ हो इंदौर सरीखा

मेरठ हो इंदौर सरीखा इसके लिए नगरायुक्त सौरभ गंगवार लगातार प्रयास कर रहे हैं। उनके प्रयास किसी से छिपे नहीं है। पिछले दिनों उन्हें प्रयासों के चलते ही मेरठ को सड़कों को साफ करने वाली मशीन का तोहफा मिला है। नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि महानगर के लिए अभी कई योजनाओं पर काम चल रहा है। उनको शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जाएगा।

TAGGED:
Share This Article