
बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने ली शैक्षणिक उपलब्धियों, अध्ययन प्रगति, अनुशासन, उपस्थिति की जानकारी
मेरठ। छावनी के वेस्ट एंड रोड मंदिर मार्ग स्थित ऋषभ एकाडेमी में आज शैक्षणिक सत्र 2026-27 की UT-1 परीक्षा के परिणाम घोषणा के अवसर पर अभिभावक शिक्षक बैठक (पी.टी.एम.) का सफलतापूर्वक आयोजन 11 जुलाई 2026 को किया गया। बैठक में अभिभावकों की उत्साहपूर्ण एवं बड़ी संख्या में सहभागिता रही। प्रधानाचार्य शरद त्यागी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में अभिभावकों को आना विद्यालय एवं अभिभावकों के मध्य सुदृढ़ समन्वय का परिचायक है।
बच्चों के वारे में ली जानकारी
पीटीएम के दौरान अभिभावकों ने कक्षा एवं विषय शिक्षकों से अपने पाल्य की शैक्षणिक उपलब्धियों, अध्ययन प्रगति, अनुशासन, उपस्थिति तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सहभागिता के संबंध में विस्तार से चर्चा की। शिक्षकों ने प्रत्येक विद्यार्थी के प्रदर्शन का विश्लेषण करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की तथा जिन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है, वहाँ आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव प्रदान किए। विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, समयबद्ध अध्ययन, गृहकार्य एवं परियोजनाओं को समय पर पूर्ण करने तथा अनुशासित दिनचर्या अपनाने पर विशेष बल दिया। साथ ही अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर संवाद बनाए रखते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया गया।
प्रबंध समिति रही मौजूद
इस मौके पर ऋषभ की प्रबंध समिति भी मौजूद रही। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद जैन, सचिव डॉ. संजय कुमार जैन (सी.ए.), कोषाध्यक्ष योगेन्द्र प्रकाश जैन, प्रधानाचार्य शरद त्यागी एवं उप प्रधानाचार्य पवन कपूर ने अभिभावकों का विद्यालय के प्रति विश्वास एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षकों के समर्पित प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक उत्कृष्टता, नैतिक मूल्यों एवं सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। बैठक का समापन सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा पी.टी.एम. के सुव्यवस्थित आयोजन, पारदर्शी मूल्यांकन प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति अपनाए जा रहे प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


