मंच बनाए जाने को लेकर बच्चापार्क पर हंगामा, फोर्स के साथ सीओ पहुंचे थे मंच हटवाने, भाजपाइयों ने नहीं हटने दिया मंच
मेरठ। शहर के अति व्यस्त बच्चापार्क चौराहे के समीप शोभायात्रा का मंच लगाए जाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। हर साल निकाली जाने वाली अवंती बाई लोधी की शोभायात्रा के स्वागत के लिए शोभायात्रा मार्ग पर अनेक स्थानों पर समर्थक और आयोजकों की ओर से रास्ते में मंच लगाए जाते हैं। बताया जाता है कि उसी क्रम में बच्चापार्क चौराहे के समीप भी मंच लगाया जा रहा था, जिसकी सूुचना पर मौके पर पुलिस पहुंची काम रुकवा दिया। पुलिस की कार्रवाई का लोधी समाज के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध व हंगामा होने पर वहां सीओ कोतवाली भी पहुंच गए। इस बीच आयोजकों ने पूरे मामले की जानकारी भाजपा के फायर ब्रांड नेता दीपक शर्मा को दी। दीपक शर्मा अपने समर्थकों को लेकर वहां पहुंच गए। काफी देर तक इसको लेकर गहमा गहमी होती रही। पुलिस वालों ने आयोजकों से अनुमति की बात की तो दीपक शर्मा ने उन्हें बताया कि प्रशासन के आला अधिकारियों के संज्ञान में पूरे मामले की जानकारी है। एसपी सिटी से बात की गयी। बाद में मंच लगाए जाने की अनुमति दे दी गयी।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर भाजपा नेता नवनीत भाटिया, भाजपा पार्षद सुमित शर्मा, रमेश प्रधान, पंकज कश्यप, सुनील लोधी, रमेश लोधी, पंकज आदि लोधी समाज लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


