चिराग पासवान के एलान के बाद संगठन एक्टिव

Shekhar Sharma
3 Min Read

राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की यूपी के सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारने के एलान से संगठन एक्टिव

मेरठ। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने ग्रेटर नोएडा में घोषणा की थी कि उनकी पार्टी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर उतरने की तैयारी कर रही है। पार्टी अभी प्रदेश में संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है। गठबंधन होगा या नहीं और सीटों का बंटवारा किस रूप में होगा, इस पर अंतिम फैसला आने वाले समय में राजनीतिक हालात और सहयोगियों के साथ चर्चा के बाद तय किया जाएगा। इसी क्रम में आज कंकरखेड़ा में लोजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी रणनीतियों की जानकारी दी। सम्मेलन में मुख्य अतिथि कुंवर आसिम खान, लोजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे। आसिम खान पहले लोजपा में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, अब पदोन्नत हुए हैं। उनका अभिनंदन, स्वागत समारोह हुआ। इसके साथ ही महासंपर्क अभियान की जानकारी दी गई। लोजपा के पश्चिम के अध्यक्ष और उत्तराखंड प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि लोजपा यूपी में सभी 400 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुकी है। संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले ही यह बात कह चुके हैं। सीटें कितनी होंगी ये बाद का विषय है। लेकिन हमारी तैयारी पूरी होना चाहिए। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त से पार्टी का महा जनसंपर्क अभियान शुरू हो चुका है। जो 28 अक्टूबर तक चलेगा। इस महाजनसंपर्क अभियान में जिलों में दलित चौपाल, चाणक्य, पिछड़ा, अतिपिछड़ा और अल्पसंख्यक इस तरह से चौपालें हो रही हैं। ये चौपालें जिलेवार अलग-अलग हो रही हैं। इसके साथ ही महानगर अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों से उनके जिले, शहर की विधानसभा सीटों का फीडबैक ले रहे हैं। पार्टी कहां किन सीटों पर चुनाव लड़ सकती है वहां क्या संभावना है। इसका डेटा भी तैयार किया जा रहा है।

सबके बीच जाएंगे कार्यकर्ता

पवन वर्मा ने कहा कि लोजपा स्व. रामविलास पासवान के सान्निध्य में रोपा गया वो पौधा है जो आज वटवृक्ष बन चुका है। जो लीक से हटकर वर्गों के लिए काम करती है। समाज के पिछड़ों, अतिपिछड़ों, दलित जो मुख्यधारा से वंचित हैं उनके उत्थान के लिए चौपालें करेंगे।उनको लोजपा से जोड़ा जाएगा। आने वाले दिनों में महासंपर्क अभियान शामली, आगरा, अलीगढ़, हरिद्वार, बुलंदशहर सहित अन्य जिलों में चलाया जाएगा। पूरब से पश्चिम, अवध से कानपुर, ब्रज हर क्षेत्र में पार्टी जनता के बीच जाकर अपना काम करेगी।

TAGGED:
Share This Article