अपर मुख्य सचिव ने लिया जायजा

Shekhar Sharma
2 Min Read

वैज्ञानिकों के साथ एक संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श

केंद्रीय गोवंश अनुसंधान संस्थान, मेरठ में अपर मुख्य सचिव, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार का दौरा
नई दिल्ली। मेरठ स्थित भाकृअनुप–केंद्रीय गोवंश अनुसंधान संस्थान में 27 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के पशुपालन एवं दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मुकेश कुमार मेश्राम, आईएएस, संस्थान के दौरे पर पहुंचे। संस्थान परिवार द्वारा उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। दौरे के दौरान श्री मेश्राम ने संस्थान की विभिन्न अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं एवं इकाइयों का अवलोकन किया, जिनमें आणविक आनुवंशिकी प्रयोगशाला, ऊतक संवर्धन एवं जैव रसायन प्रयोगशाला, थेरियोजेनोलॉजी प्रयोगशाला, पशु पोषण प्रयोगशाला, सीमेन फ्रीजिंग प्रयोगशाला, मेल जर्मप्लाज्म यूनिट, डेयरी यूनिट तथा दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र शामिल हैं। उन्होंने वैज्ञानिकों के साथ संवाद कर संस्थान में चल रहे अनुसंधान कार्यों, तकनीकी नवाचारों तथा पशुपालन क्षेत्र में उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भविष्य में उत्तर प्रदेश सरकार के पशुपालन एवं दुग्ध विकास विभाग तथा संस्थान के बीच सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे राज्य में पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

भविष्य की योजनाओं का प्रस्तुतीकरण

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक कुमार मोहंती ने संस्थान की प्रमुख गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। इसके उपरांत वैज्ञानिकों के साथ एक संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। यह दौरा पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने तथा क्षेत्रीय विकास को गति प्रदान करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share This Article