प्रतिबंधित हार्मोन ‘ऑक्सीटोसिन बरामद

Shekhar Sharma
3 Min Read

18 कट्टों में भरे भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन की बरामदी से एसटीएफ के अफसर भी हैरान

सहारनपुर / मेरठ।पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर एनसीआर, हरियाणा और उत्तराखंड तक फैले प्रतिबंधित हार्मोन ‘ऑक्सीटोसिन’ के अवैध कारोबार का एसटीएफ (STF) मेरठ यूनिट ने पर्दाफाश किया है। जितनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवा मिली है उससे एसटीएफ वाले भी हैरान है। दरअसल एसटीएफ की टीम ने सहारनपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में छापेमारी कर ऑक्सीटोसिन बनाने की एक नकली फैक्ट्री पकड़ी है। मौके से 18 कट्टों में भरे भारी मात्रा में प्रतिबंधित इंजेक्शन और इन्हें तैयार करने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। टीम ने घटनास्थल से एक आरोपित को भी गिरफ्तार किया है।

गंगोह से भी जुड़े हैं अवैध कारोबार के तार

एसटीएफ मेरठ यूनिट के अधिकारी ब्रजेश सिंह के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान औषधि विभाग के ड्रग इंस्पेक्टर को भी मौके पर बुलाया गया, जो अब बरामद इंजेक्शनों और उपकरणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपित का भाई सहारनपुर के ही गंगोह क्षेत्र में एक अलग फैक्ट्री संचालित कर रहा है। एसटीएफ और औषधि विभाग अब दोनों ठिकानों के जरिए चल रहे इस अंतरराज्यीय नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये इंजेक्शन किन माध्यमों से और किन्हें बेचे जा रहे थे।

क्या है ऑक्सीटोसिन और क्यों है इस पर प्रतिबंध?

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, ऑक्सीटोसिन एक हार्मोन है जो गर्भाशय में संकुचन पैदा करता है। इसका उपयोग केवल चिकित्सकीय देखरेख में प्रसव पीड़ा शुरू करने, प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव रोकने या विशेष परिस्थितियों में गर्भाशय को खाली कराने के लिए किया जाता है। हालांकि, दुधारू पशुओं से अधिक दूध निकालने के लिए इसके अवैध और अनियंत्रित इस्तेमाल की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं, जो मानव और पशु स्वास्थ्य दोनों के लिए बेहद घातक है। इसी दुरुपयोग को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने ऑक्सीटोसिन के निर्माण, बिक्री और वितरण पर कड़े प्रतिबंध लगा रखे हैं। ऐसे में रिहायशी या ग्रामीण क्षेत्रों में नकली फैक्ट्री लगाकर इसका उत्पादन करना और कई राज्यों में सप्लाई करना एक गंभीर अपराध माना जा रहा है। पुलिस अब गंगोह स्थित दूसरी फैक्ट्री पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है।

Share This Article