
स्टोर में रखी विद्युत सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव एवं उपलब्धता का लिया जायजा
मेरठ / मुजफ्फरनगर । PVVNL MD रवीश गुप्ता द्वारा मुजफ्फरनगर स्थित वर्कशॉप, स्टोर, बिजलीघर तथा परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने वर्कशॉप में विभिन्न क्षमताओं के रिपेयर ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता एवं उनकी संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा उन्हें विभिन्न क्षमताओं के उपलब्ध रिपेयर ट्रांसफार्मर दिखाए गए। प्रत्येक आवश्यक क्षमता के पर्याप्त रिपेयर ट्रांसफार्मर उपलब्ध पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इससे आवश्यकता पड़ने पर खराब ट्रांसफार्मरों को समयबद्ध तरीके से बदलने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
इसके उपरांत MD ने वर्कशॉप परिसर स्थित स्टोर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टोर में रखी विद्युत सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव एवं उपलब्धता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों में दर्ज सामग्री का मौके पर सैंपल के आधार पर मिलान भी किया गया। जांच में अभिलेखों के अनुरूप सामग्री उपलब्ध पाई गई तथा स्टोर की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।
PVVNL MD ने वर्कशॉप परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण कार्य की प्रगति एवं संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नए भवन के निर्माण से संबंधित जानकारी प्राप्त करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त वर्क्सशाप के निकट बिजलीघर का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम, वीसीबी (VCB) एवं अन्य विद्युत उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया। बिजलीघर के यार्ड का निरीक्षण करते हुए लोड की स्थिति एवं ओवरलोडिंग की समस्या के समाधान के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
ओवरलोडिंग की स्थिति में सुधार
अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि मुजफ्फरनगर में शामली रोड’ नाम से नए बिजलीघर के निर्माण से संबंधित बिजलीघर पर ओवरलोडिंग की स्थिति में सुधार हुआ है। इससे लगभग 15 हजार उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। विशेषकर गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को होने वाली विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं में कमी आएगी। साथ ही नए विद्युत कनेक्शन जारी करने एवं उपभोक्ताओं द्वारा स्वीकृत भार बढ़वाने की प्रक्रिया में भी सुविधा होगी।
निरीक्षण के दौरान PVVNL MD ने वर्कशॉप में उपलब्ध संसाधनों, रिपेयर ट्रांसफार्मरों की पर्याप्त उपलब्धता, स्टोर की व्यवस्थाओं, निर्माणाधीन भवन की प्रगति तथा बिजलीघर के संचालन की स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता एस. के. अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


