गांधी जयंती पर करायी कांग्रेस ने प्रतियोगिता

Shekhar Sharma
2 Min Read

1120 विद्यार्थियों ने लिया भाग, 103 प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र

मेरठ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के एक दिन पूर्व आज जनपद मेरठ में कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. के निर्देशन में चल रहे कार्यक्रमों के क्रम में केपी पब्लिक स्कूल में महात्मा गांधी के जीवन, विचारों एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अवनीश काजला के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता में 1120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में महात्मा गांधी जी के जीवन, संघर्ष, विचारों एवं स्वतंत्रता आंदोलन से संबंधित कुल 50 प्रश्न पूछे गए।

नंदिनी प्रथम

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नंदिनी, द्वितीय स्थान आराध्या तथा तृतीय स्थान युविका पूनिया ने प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 103 विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अवनीश काजला ने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देता है। आज की युवा पीढ़ी को गांधी जी के विचारों को समझने तथा उन्हें अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के स्वतंत्रता आंदोलन और उसके महान नायकों के जीवन एवं योगदान को जानने का अवसर मिलता है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम को सफल बनाने में निशांत तोमर, अनिल प्रेमी, अजीम प्रधान एवं फरहान चौधरी का विशेष सहयोग रहा। इनके साथ ही अन्य कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

TAGGED:
Share This Article