शीघ्र नजर आएगी मेरठ की नयी तस्वीर, विकास के साथ मानवीय पक्ष को भी साथ लेकर चल रहे हैं नगरायुक्त सौरभ गंगवार
मेरठ। नगरायुक्त सौरभ गंगवार शहर को बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं और यह तोहफा सीएम ग्रिड के तहत कराए जा रहे महानगर के विकास कार्यों की कड़ी का एक हिस्सा है। इसके चलते सीएम ग्रिड की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत नगर निगम द्वारा ऐसे उन्नत और आधुनिक फुटपाथों का निर्माण किया जा रहा है, जो न केवल सामान्य पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुगम रास्ता प्रदान करेंगे, बल्कि इनकी विशेष पगडंडियां (टेक्टाइल पाथवे) दृष्टिबाधितों के लिए एक मजबूत मार्गदर्शक का काम करेंगी। यह सब कुछ होने के बाद मेरठ महानगर एक बड़े और मानवीय बदलाव का गवाह बन जाएगा। आमतौर पर यह सब कुछ विदेशों में देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि विशेष पगडंडियां (टेक्टाइल पाथवे) दृष्टिबाधितों के साथ साथ सोसाइटी के हर वर्ग की जिंदगी को सुगम और आसान बना देगा। अब शहर की सड़कें महज गाड़ियों के दौड़ने का कंक्रीट मार्ग नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आत्मनिर्भरता का जीवंत प्रतीक बनने जा रही हैं। नगरायुक्त ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को आधुनिक रूप देने की दिशा में सीएम ग्रिड योजना के तहत नगर निगम ने एक और सड़क की डिजाइन फाइनल कर दी है। कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से लेकर मेरठ बाईपास इंटरसेक्शन (दिल्ली-दून हाइवे) तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। यह सड़क सर्विस लेन समेत छह लेन की हो जाएगी। इस सड़क को एसएस इंफ्रा कंपनी बनाएगी। वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है। 15 महीने में यह सड़क बनकर तैयार होगी। इसमें बाजार और आबादी क्षेत्र के लिए सर्विस रोड का प्रविधान भी किया गया है।
नजर आएगी मेरठ की नयी तस्वीर
गांधी आश्रम से तेजगढ़ी चौराहा, बच्चा पार्क से कचहरी होते हुए कमिश्नरी चौराहा, गढ़ रोड से हापुड़ रोड तक रंगोली मंडप रोड, कमिश्नरी आवास चौराहे से सर्किट हाउस, शारदा रोड सहित आठ सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। पैदल यात्रियों और दिव्यांगजनों को सुरक्षित चलने के अधिकार को लेकर सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में पहली बार फुटपाथ पर विशेष टैक्टाइल पगडंडी (गाइडेड पाथ-वे) बिछाई जा रही है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता प्रमोद सिंह ने बताया कि महानगर में सीएम ग्रिड योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों में शहर की 12 प्रमुख सड़कें शामिल हैं। इनमें से आठ पर वर्तमान में कार्य चल रहा है। कुल चालिस किमी टैक्टाइल पगडंडी (गाइडेड पाथ-वे) बनेंगी इसमें 390 करोड़ रुपये लागत आ रही है। सतह पर बनी ये पीले रंग की उभरी हुई लाइनें और खास टेक्सचर (बनावट) दृष्टिबाधितों के लिए एक मार्गदर्शक की तरह काम करेंगी। छड़ी की हल्की सी छुअन से उन्हें तुरंत पता चल जाएगा कि रास्ता सीधा है, कहां मोड़ है या आगे कोई रुकावट तो नहीं है। इन फुटपाथों पर चलने वाले हर दृष्टिबाधित के लिए अब किसी का हाथ पकड़ना मजबूरी नहीं होगी।
बेहद खास लुक में नजर आएगा शहर
नगरायुक्त सौरभ गंगवार बताते हैं कि सीएम ग्रिड योजना के तहत तमाम कार्य तेजी से निपटाए जा रहे हैं। मेरठ वालों को बहुत जल्दी अपने शहर पर गर्व की अनुभूति होगी। मेरठ वालों को नगर निगम वो सब कुछ सुविधाएं देने जा रहा है जिसको कॉरपोरेट की भाषा में फाइव स्टार कल्चर कहा जाता है।


