गढ रोड, गंगानगर व बक्सर में निगम का अभियान

Shekhar Sharma
3 Min Read

अवैध कब्जे करने वालों को सख्ती के साथ दौड़ाया, इलाके में मचा हड़कंप

मेरठ। नगरायुक्त सौरभ गंगवार के निर्देश पर आज नगर निगम के प्रवर्तन दल ने प्रभारी कर्नल संजीव तोमर के नेतृत्व में गढ़ रोड, मवाना रोड के गंगानगर और बक्सर चौराहे पर अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। तीन दिन पहले भी गढ़ रोड पर गांधी आश्रम से लेकर तेजगढ़ी चौराहे तक निगम प्रशासन के अफसरों और प्रवर्तन दल ने अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया था। उसी क्रम में आज गढ़ रोड पर अभियान चलाया गया। दरअसल निगम प्रवर्तन दल यह तस्दीक करने के लिए गया था कि जिनको हटाया था वो दोबारा तो काविज नहीं हो गए थे। तीन दिन पहले चलाए गए अभियान में बड़े स्तर पर अवैध कब्जों से नाले नालियों को मुक्त कराया गया था। इसके अलावा रोड साइड की पटरियों से भी अवैध कब्जे करने वालों को खदेड़ा गया था। आज के अभियान के दौरान गढ़ रोड पर जिन स्थानों पर लोग काविज हो गए थे उन्हें लगभग धमकाने के अंदाज में हटाया गया। भविष्य में कब्जे किए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गयी। गढ़ रोड से अभियान के बाद निगम प्रवर्तन दल की टीम सीधे गंगानगर पहुंची। यहां कई स्थानों पर रोड पर दुकानदारों ने समान लगाया हुआ था। ऐसे दुकानदारों को जमकर हड़काया गया। उन्हें बताया भी किया कि उनके कृत्य से आने जाने वालों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। गंगानगर से प्रवर्तन दल मवाना रोड बक्सर चौराहे पर पहुंचा। यहां की स्थिति अवैध कब्जों की वजह से ज्यादा खराब थी। दुकानदारों ने सड़क के किनाने तक सामान लगाया हुआ था। इसके अलावा ठेले वालों ने भी यातायात में बाधा पैदा की हुई थी। कुछ मकानों के सामने भी कब्जे किए हुए थे।

चेतावनी

प्रवर्तन दल ने यहां काफी समय लगाकर इन सभी अवैध कब्जे करने वालों को हटाया। जो ठेले वाले वहां खड़े थे उनको भी हटाया गया और चेतावनी दी गयी कि भविष्य में यदि उनको इस स्थान पर पाया गया तो ठेला व अन्य सभी सामान जब्त कर लिया जाएगा। इसी प्रकार की चेतावनी उन दुकानदारों को भी दी गयी जिन्होंने सामान सड़क तक फैलाया हुआ था। नगरायुक्त सौरभ गंगावार ने बताया कि अवैध कब्जों के खिलाफ निगम का यह अभियान जारी रहेगा।

TAGGED:
Share This Article