पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन

Shekhar Sharma
3 Min Read

आजाद समाज पार्टी की पेपर लीक को देशद्रोह का अपराध घोषित किए जाने की मोदी सरकार से मांग

मेरठ। आजाद समाज पार्टी कांशीराम ने पेपर लीक मामलों को देश के लिए घातक बताते हुए इसके विरोध में आज जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य से जुड़े दो प्रमुख मुद्दों पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पेपर लीक मामलों को देशद्रोह घोषित करने और जौहर यूनिवर्सिटी के छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने की अपील की। पार्टी ने कहा कि हर साल छात्र अपने सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपनी गाढ़ी कमाई और उम्मीदें बच्चों की शिक्षा पर लगाते हैं। हालांकि, देशव्यापी पेपर लीक माफिया और उन्हें मिल रहा संरक्षण इन सपनों को कुचल रहा है। यह हमारी शिक्षा प्रणाली पर सीधा हमला है, जो युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना रहा है।

आत्महत्याओं से व्यथित

आजाद समाज पार्टी के प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेपर लीक मामलों से युवाओं की अत्महत्या से उनकी पार्टी व्यथित है। उन्होंने नीट यूजी में हुए पेपर लीक का हवाला देते हुए कहा कि इससे 19 होनहार विद्यार्थियों की आत्महत्या की खबरें सामने आई हैं। यह केवल परीक्षा की विफलता नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य को खोखला करने वाला कृत्य है। इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। पार्टी ने कहा कि यह कार्रवाई हजारों छात्रों के भविष्य को दांव पर लगा रही है, जिससे उनकी वर्षों की मेहनत, शिक्षा और डिग्रियां खतरे में पड़ जाएंगी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक को तत्काल देशद्रोह घोषित किया जाए और दोषियों को उम्रकैद सहित कठोरतम दंड सुनिश्चित हो। जौहर यूनिवर्सिटी, रामपुर पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई तुरंत रोकी जाए, ताकि हजारों विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके। सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष, त्वरित और समयबद्ध जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, गोपनीयता और सुरक्षा की स्थायी एवं अभेद्य व्यवस्था लागू की जाए पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को न्याय, पुन:परीक्षा और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

TAGGED:
Share This Article