यूपी एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफिसर्स एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष विवेक यादव और प्रांतीय महामंत्री राजेश चंद्र श्रीवास्तव व मनोज मलिक मिले
मेरठ।यूपी एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफिसर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह से मिला और शिक्षक कर्मचारियों की मांगाें को लेकर ज्ञापन दिया। प्रभारी मंत्री ने ज्ञापन पर आवश्यक व सहानुभूति पूर्वक कार्य करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिध मंडल में यूपी एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफिसर्स एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष विवेक यादव और प्रांतीय महामंत्री राजेश चंद्र श्रीवास्तव के अलावा मेरठ से कई अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। इनमें शामिल मेरठ मंडल के अध्यक्ष मनोज मलिक ने बताया कि बेसिक शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया है कि प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के निजी व्यय पर स्वैच्छिक एवं पारस्परिक स्थानांतरण आगामी 30 जून तक होंगे। कर्मचारी नेताओं ने शिक्षा विभाग के राजकीय यानी बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के निजी व्यय पर स्वैच्छिक और पारस्परिक स्थानांतरण कराने का अनुरोध किया।
ट्रांसफर आर्डर का है इंतजार
मेरठ मंडल के अध्यक्ष मनोज मलिक ने बताया कि अरसे से ट्रांसफर आर्डर का इंतजार है। कई सालों से निजी व्यय पर स्वैच्छिक और पारस्परिक स्थानांतरण आदेश जारी न होने से अशक्त, गंभीर रूप से बीमार, गंभीर रूप से स्वजन के बीमार होने, दूरस्थ जिलों में कार्यरत कर्मचारी एवं बच्चों की शिक्षा के दृष्टिगत स्थानांतरण चाहने वाले कर्मचारियों के स्थानांतरण न होने से उनके भीतर भारी आक्रोश भी है। उन्होंने अनुरोध किया कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए ऐसे कर्मचारियों के जिन्होंने अपनी एवं अपने परिवार की विषम परिस्थितियों के कारण अपने निजी व्यय पर स्वैच्छिक और पारस्परिक स्थानांतरण किए जाने के लिए अपर शिक्षा निदेशक बेसिक उत्तर प्रदेश प्रयागराज के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए हैं, उन पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए उन्हें उनकी इच्छानुसार उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। ताकि वे भी अपने पारिवारिक दायित्व का निर्वहन कर सकें। मनोज मलिक ने बताया कि स्वतंत्र प्रभार मंत्री को अवगत कराया गया कि मेरठ समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न शिक्षा कार्यालयों में कार्यरत कनिष्ठ सहायक, वरिष्ठ सहायक व आशु लिपिक, जिनके नियुक्ति अधिकारी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक हैं, फिर भी निदेशालय द्वारा इन पदों पर कार्यरत कर्मचारियों के स्थानांतरण के अधिकार मंडल स्तर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक को डेलीगेट नहीं किया जा रहे हैं।


