भर्ती को लेकर मारामारी

Shekhar Sharma
2 Min Read

सूरजकुंड वाहन डिपो पर लगा है नौकरी के दावेदारों का जमघट, संविदा कर्मियों की भर्ती को लेकर मारामारी

मेरठ/ नगर निगम में संविदा सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए सिविल लाइन के सूरजकुंड वाहन डिपो पर जबरदस्त मारामारी मची है। नौकरी की आस में बड़ी संख्या में युवा पहुंच रहे हैं। भर्ती की पूरी प्रक्रिया अपर नगरायुक्त लवि त्रिपाठी की देखरेख में चल रही है। उन्होंने बताया कि पूरी पादर्शिता के साथ भर्ती करायी जा रही है। हालांकि तमाम पार्षदों व कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया है कि भर्ती में भेदभाव बरता जा रहा है। बैकडोर से सिफारिशियों की भर्ती की जा रही है। जबकि होना यह चाहिए था कि इस प्रकार की व्यवस्था की जाती कि कोई आपत्ति दर्ज ना करायी जा सके। इस बीच जानकारी मिली है कि जो युवा संविदा सफाई कर्मचारी के रूप में निगम में नौकरी चाहते हैं उन्होंने कुछ पार्षदों व कर्मचारी नेताओं तथा अफसरों की परिक्रमा शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि इसी के चलते बैकडोर से भर्ती के आरोप लगाए जा रहे हैं। कुछ पार्षदों ने नाम न छापे जाने की शर्त पर आरोप लगाया कि भर्ती में गड़बड़ी की जा रही है। इसकी शिकायत मंडलायुक्त से की जाएगी। कुछ पार्षद शुक्रवार को मंडलायुक्त से मिलने की भी बात कह रहे हैं।

तीन दिन पहले भी

तीन दिन पहले नगर निगम में सफाई कर्मचारी नेताओं ने भी भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने एक ज्ञापन भी नगर स्वास्थ्य अधिकारी की मार्फतम अपर नगरायुक्त को भेजा था। उन्होंने भी भर्ती में बैकडोर के आरोप की बात कही। वहीं दूसरी ओर सूरजकुंड वाहन डिपो पर देर शाम तक जमघट लगा रहा।

Share This Article