हाउस अरेस्ट पर भड़के गौरव भाटी

Shekhar Sharma
3 Min Read

दिन निकलते ही पुलिस बल ने घेर लिया मकान, हाउस अरेस्ट, भड़के जिला कांग्रेस अध्यक्ष

मेरठ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जनपद हापुड़ के बदनौली गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु तथा कई लोगों के घायल होने की घटना की वास्तविक स्थिति एवं वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करने के लिए कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल आज जनपद हापुड़ भेजा जा रहा था। इसके चलते पुलिस ने कांग्रस के तमाम नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया। हापुड़ जाने वाले प्रस्तावित प्रतिनिधिमंडल में संगठन के जिला अध्यक्ष गौरव भाटी का नाम शामिल नहीं था, इसके बावजूद आज सुबह लगभग 6 बजे से उनके आवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। अफसरों की इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की। गौरव भाटी ने कहा जब हापुड़ जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में मेरा नाम ही शामिल नहीं था, तो सुबह छह बजे से मेरे आवास पर भारी पुलिस बल की तैनाती समझ से परे है। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि बदनौली गांव की घटना की वास्तविक स्थिति जानने और पीड़ित परिवारों की आवाज सुनने के लिए जा रहा है। यदि प्रशासन को अपने काम और जांच पर भरोसा है तो कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को पीड़ितों से मिलने से रोकने की आवश्यकता क्यों महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करती है। आमिर रज़ा ने कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रकार की हिंसा का समर्थन नहीं करती और पार्टी की स्पष्ट मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय, सुरक्षा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

जांच की मांग

कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि बदनौली गांव की घटना की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए, पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता एवं सुरक्षा दी जाए तथा दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इस दौरान मासूम असगर, योगी जाटव, राकेश कुशवाहा, अमित नागर, उवैस अंसारी, अरुण कौशिक, उमरदराज़ मौजूद रहे।

TAGGED:
Share This Article