नई भगुतान प्रणाली बनी है बाधा यूपी के 53 जिलों में अटका 1.43 लाख शिक्षा मित्रों का मानदेय
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के करीब 1.43 लाख शिक्षामित्रों के लिए दीपावली और धनतेरस के त्योहार से पहले मानदेय का भुगतान न होने से चिंताएं बढ़ गई हैं। नई प्रशासनिक भुगतान प्रणाली (एसएनए स्पर्श) की जटिलताओं और कछुआ चाल के कारण प्रदेश के 53 जिलों में शिक्षामित्रों का अक्टूबर माह का मानदेय खातों में नहीं पहुंच सका है, जिससे उनके परिवारों में त्योहार की खुशियां फीकी पड़ने की आशंका पैदा हो गई है। शुक्रवार को केवल 22 जिलों में ही मानदेय का आंशिक भुगतान हो पाया था।
नई भुगतान प्रणाली से बढ़ी परेशानी
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के प्रदेश संगठन मंत्री कौशल कुमार सिंह ने बताया कि पहले शिक्षामित्रों का भुगतान पीएफएमएस (PFMS) पोर्टल के माध्यम से किया जाता था। इस पुरानी व्यवस्था के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय से बिल बैंक पहुंचने के महज 24 घंटे के भीतर मानदेय सीधे शिक्षामित्रों के खातों में आ जाता था। शिक्षामित्रों के खातों में आ जाता था। हालांकि, वर्तमान में लागू की गई ‘एसएनए स्पर्श’ (SNA Sparsh) प्रणाली की लंबी और पेचीदा प्रक्रिया के चलते कई जिलों में भुगतान का पूरा ढांचा प्रभावित हुआ है।
टोकन मिलने के बाद भी 15 दिन का इंतजार
शिक्षामित्र संगठनों की रिपोर्ट के मुताबिक, नई एसएनए स्पर्श प्रणाली के तहत बैंकों से टोकन जारी होने के बाद भी मानदेय राशि को बैंक खातों में ट्रांसफर होने में 10 से 15 दिन का लंबा समय लग रहा है। इस तकनीकी और प्रशासनिक सुस्ती की वजह से शिक्षामित्रों को इस पावन त्योहार के मौके पर भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षामित्रों का कहना है कि मानदेय ही उनकी आजीविका का एकमात्र सहारा है, और ऐन त्योहार के वक्त इसमें हो रही देरी से उनके परिवारों की तैयारियां ठप पड़ गई हैं। शिक्षामित्र संगठनों ने उत्तर प्रदेश सरकार से पुरजोर मांग की है कि सभी लंबित जिलों के मानदेय का भुगतान युद्धस्तर पर तुरंत कराया जाए। नई ‘एसएनए स्पर्श’ भुगतान प्रणाली में आ रही तकनीकी व प्रक्रियागत खामियों को तत्काल दुरुस्त किया जाए।


